कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए मादा चीता वीरा के 10 महीने के शावक की मौत, पार्क में आने पर 24 घंटे में चली गई जान
जंगल में मिली शावक की लाश; वन विभाग ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, प्रारंभिक जांच में चोट के निशान नहीं मिले
भोपाल: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) में एक दुखद घटना सामने आई है। दक्षिण अफ्रीकी मादा चीता (Cheetah) ‘वीरा’ के 10 महीने का एक शावक (Cub) शुक्रवार शाम जंगल में मृत अवस्था में मिला। यह शावक अपनी मां के साथ एक दिन पहले ही पार्क में लाया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उसे अहेरा के पारोंद क्षेत्र के खुले जंगल में छोड़ा था। वन विभाग के अनुसार, देर रात यह शावक अपनी मां और दूसरे शावक से अलग हो गया था, जिसके बाद शुक्रवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान उसका शव बरामद हुआ।
मृत्यु का सही कारण पोस्टमॉर्टम से स्पष्ट होगा
वन अधिकारियों ने बताया कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट (Postmortem Report) आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। प्रारंभिक जांच में शावक के शव पर किसी तरह की स्पष्ट चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
चीता प्रोजेक्ट (Project Cheetah) के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने पुष्टि की कि शव शुक्रवार दोपहर जंगल में मिला था। उन्होंने बताया कि मादा चीता वीरा और उसका दूसरा शावक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
कूनो में चीतों की संख्या 28
इस घटना के बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की आबादी (Total Cheetah Population) अब घटकर 28 हो गई है। इनमें 8 वयस्क चीते (5 मादा और 3 नर) और भारत में जन्मे 20 शावक शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पार्क के अन्य सभी चीते फिलहाल स्वस्थ हैं।
प्रोजेक्ट अधिकारी इस घटना की गहन जांच कर रहे हैं, जिसमें शावकों के प्राकृतिक व्यवहार, क्षेत्र में संभावित खतरों और मौजूदा निगरानी प्रणाली (Monitoring System) की समीक्षा भी शामिल है। पार्क में सभी चीतों की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को इन चीतों को जंगल में छोड़ा था। देखें वीडियो :
