MP News: ग्वालियर में तेज रफ्तार ट्रक ने 15 लोगों की जान ली, अनेक लोग घायल
ग्वालियर (dailyhindinews.com)। शीतला माता मंदिर के पास तड़के हुए एक दर्दनाक ट्रक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। कई घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धान से भरा ट्रक बना काल का कारण
डबरा की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक चीनोर से शीतला माता मंदिर की ओर उतरने वाली ढलान पर खड़ा हुआ था। अचानक प्रेशर रिलीज होने की आशंका के चलते ट्रक ढलान की ओर तेजी से नीचे उतरा और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ मंदिर के मेन एंट्री गेट तक जा पहुंचा।
तेज रफ्तार, बाहरी दीवार तक ध्वस्त हुई
जानकारी के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। वह अनियंत्रित होकर मंदिर की बाहरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार गिर गई। इसके बाद मलबे में 40 से 50 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुआवजा देने का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हादसे पर दुःख जताया और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपए व अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद का ऐलान किया है।
