MP News मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबंधित कफ़ सिरप से जुड़े किसी दोषी को छोड़ेगी नहीं : डॉ. यादव
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप के कारण बच्चों की मौत के मामले में तमिलनाडु सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद मध्य प्रदेश सरकार इस मामले के किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगी। अभी तमिलनाडु की दवा कंपनी के जिम्मेदार लोगों को दबोचा गया है और उनकी गिरफ्तारी हुई है। मध्यप्रदेश सरकार मानवीय और प्रशासनिक दोनों आधार पर कार्रवाई जारी रखेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को नागपुर के विभिन्न अस्पताल में उपचाररत बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने और परिजन से चर्चा करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर रहे थे।
तमिलनाडु सरकार से नहीं मिल रहा अपेक्षित सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में निर्मित दवा के उपयोग से ही बच्चों की मृत्यु की बात प्रमाणित हुई है। मध्यप्रदेश पुलिस ने दोषी लोगों की गिरफ्तारी की है। दुर्भाग्य की बात है कि तमिलनाडु सरकार की तरफ से अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं हो रहा है। तमिलनाडु के ड्रग कंट्रोलर को दवा कंपनी की नियमानुसार जांच करना चाहिए।
इस घटना से जुड़े सभी समाचार यहां पढ़ें
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने रेंडम सैंपल लेकर आवश्यक जांच करवाई। छिंदवाड़ा के चिकित्सक सहित और अन्य दोषियों का निलंबन भी किया और ड्रग कंट्रोलर को हटाया है। जो डॉक्टर उस कंपनी की प्रतिबंधित दवा रोगियों को लगातार लिख रहे है, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में मूल रूप से मैन्युफैक्चरिंग के स्तर पर त्रुटि की बात सामने आई है। त्रुटिपूर्ण यह दवा बच्चों को दी गई जिसके फलस्वरुप जीवन की क्षति हुई। डॉ. यादव ने कहा कि जैसे ही तमिलनाडु सरकार की रिपोर्ट आई वैसे ही मध्यप्रदेश सरकार ने इस कफ सिरप पर प्रतिबंध लगाया। दवा कंपनी के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा।
MP News इस घटना से जुड़े सभी समाचार यहां पढ़ें
कोई भी व्यक्ति जाकर कर सकता है स्थल अवलोकन
मुख्यमंत्री ने प्रश्न किया कि वो कौन लोग हैं जिन्होंने इस कंपनी को ड्रग लाइसेंस देने का कार्य किया? मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि छोटी सी जगह पर किस तरह फैक्टरी संचालित है, यह प्रश्न पूछा जाना चाहिए। बिना जांच के लाइसेंस कैसे रिन्यू किया गया? इस दवा कंपनी को दोबारा उद्योग लाइसेंस कैसे दिया गया? कोई भी व्यक्ति स्थल पर जाकर अवलोकन कर सकता है।
मध्यप्रदेश पीड़ित पक्ष, किसी पर कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के बच्चे और परिवार तो पीड़ित पक्ष हैं, हमारे प्रदेश के बच्चों की मृत्यु हुई है। इस संवेदनशील प्रकरण में मध्यप्रदेश सरकार किसी भी दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।
