सीएम मोहन यादव ने भारतीय टीम के फैसले को सराहा, जीतने पर दी बधाई, ट्रॉफी लेने से इंकार पर दिया समर्थन
भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Cm Mohan Yadav) ने एशिया कप (Asia Cup) जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि क्रिकेट में भारतीय टीम (Team India) योद्धा की तरह खेली और यह बदलते भारत का प्रतीक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के बयान का हवाला देते हुए कहा कि यह मैदान में धूल चटाने और घर में घुसकर जवाब देने वाले भारत का नया चेहरा है। डॉ. मोहन यादव ने गर्व व्यक्त किया कि भारतीय खिलाड़ियों ने सेना के विकास के लिए मैच में मिली पूरी धनराशि समर्पित कर दी और यह कदम देश की भावना को मजबूत करता है।
टीम के ट्रॉफी लेने से इनकार (Asia Cup Trophy Row) पर बोले सीएम
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने केवल खेल में ही नहीं बल्कि अपने व्यवहार में भी देश की गरिमा को बनाए रखा। उन्होंने ट्रॉफी लेने से इनकार करने (Asia Cup Trophy Row) पर कहा, जो इससे जुड़े हुए पक्ष थे केवल उनसे ट्रॉफी (Asia Cup Trophy) लेने से मना कर दिया, बाकी तो हमने देखा ही है हाथ मिलाना तो दूर, निगाह मिलाने में भी हमारे लोग विश्वास नहीं करते, मैं अपने खिलाड़ियों पर भी गर्व करता हूं और बधाई देता हूं।
मैच और उसके बाद की गूंज
एशिया कप का यह फाइनल रोमांचक और ऐतिहासिक दोनों रहा. भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीत लिया लेकिन ट्रॉफी लेने से इनकार कर एक अनोखा उदाहरण पेश किया। यह घटना क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो गई है और इसने दर्शा दिया कि भारतीय क्रिकेट टीम सिर्फ मैदान पर नहीं बल्कि हर मंच पर देश के सम्मान को प्राथमिकता देती है। इस जीत ने न केवल खेल प्रेमियों बल्कि पूरे देश को गर्व महसूस कराया।
