MP News वन विहार में रेस्क्यू की गई ढाई साल की मादा भालू, क्वारंटीन में रखा गया
भोपाल: वन विहार राष्ट्रीय उद्यान (Van Vihar National Park) की रेस्क्यू टीम ने बुधवार को सामान्य वन मंडल भोपाल के कल्याणपुर आरएफ 173 क्षेत्र से एक ढाई वर्षीय मादा भालू (Female Bear) को सफलतापूर्वक बचाया। संचालक वन विहार विजय कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने समर्धा वन परिक्षेत्र के प्लांटेशन क्षेत्र से फंसी भालू को रेस्क्यू (Rescue) कर उपचार के लिए वन विहार लाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे अधिकारी
बचाव अभियान (Rescue Operation) के दौरान सहायक संचालक वन विहार वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्यवाही की। मौके पर वन मंडलाधिकारी सामान्य वनमंडल भोपाल लोकप्रिय भारती, वन परिक्षेत्र अधिकारी समर्धा शिवपाल पिपरदे, सीता जमरा इकाई प्रभारी सफारी वन विहार सहित अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद क्वारंटीन में भालू
वन्य-प्राणी चिकित्सक (Wildlife Veterinarian) डॉ. अमित ओढ़ एवं डॉ. विनील पाल तथा वाइल्ड लाइफ एसओएस के पशु चिकित्सक द्वारा भालू का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण (Health Examination) किया गया। जांच के बाद मादा भालू को वन विहार स्थित क्वारंटीन सेंटर (Quarantine Center) में निरंतर निगरानी में रखा गया है, जहां उसकी सेहत पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
