मध्यरात्रि का रोमांच: 400 KV सबस्टेशन में घुसे तेंदुए को बचाया, ट्रांसको टीम की बहादुरी की दास्तान
इंदौर: मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (MP Transco) के 400 केवी सबस्टेशन इंदौर (Indore Substation) में मध्यरात्रि के सन्नाटे को चीरते हुए एक खतरनाक मेहमान ने दस्तक दी। जी हां, एक तेंदुआ (Leopard) अचानक सबस्टेशन परिसर में घुस आया। लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सूझबूझ और बहादुरी ने न केवल एक बड़े हादसे को टाला, बल्कि जंगली जानवर को भी सुरक्षित बचा लिया।
अचानक आई जंगली मुसीबत, सतर्क कर्मियों ने संभाली स्थिति
गत रात जब इंदौर का 400 केवी सबस्टेशन (400 KV Substation Indore) अपनी नियमित ड्यूटी में व्यस्त था, तभी यार्ड एरिया में एक तेंदुए की मौजूदगी देख सभी सतर्क हो गए। आउटसोर्स सिक्योरिटी गार्ड कृष्णा बघेला, सूरज मोहनिया और मेंटेनेंस टीम के सदस्य श्रीराम अभिलाष ने तुरंत ऑपरेशन और मेंटेनेंस टीम (Operation and Maintenance Team) को सूचित किया।
इस जोखिम भरी स्थिति में पैनिक फैलने की बजाय, कर्मियों ने अद्भुत धैर्य दिखाया। सभी कार्मिकों को सावधानीपूर्वक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और किसी भी तरह की अफरा-तफरी से बचा गया।
वन विभाग के साथ मिलकर सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
परीक्षण परिचारक के.के. मिश्रा ने तत्काल वन विभाग (Forest Department) को सूचना दी। वन विभाग की रेस्क्यू टीम (Rescue Team) तुरंत मौके पर पहुंची और सबस्टेशन यार्ड में अस्थायी पिंजरा लगाकर बचाव अभियान शुरू किया। घंटों की मेहनत के बाद तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया और उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जगह पहुंचाया गया।
एमपी ट्रांसको प्रबंधन ने की सराहना, मिलेगा सम्मान
एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक (Managing Director MP Transco) ने इस घटना में कर्मियों की सतर्कता, टीमवर्क (Teamwork) और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह घटना सबस्टेशन कर्मियों की कार्यकुशलता और समर्पण का बेहतरीन उदाहरण है।
प्रबंध संचालक ने घोषणा की कि इस साहसिक कार्य के लिए आउटसोर्स कर्मियों सहित सभी संबंधित लोगों को एमपी ट्रांसको प्रबंधन द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
