शताब्दी एक्सप्रेस पर लगातार पथराव की घटनाएं जारी, रेल प्रशासन रोकने में नाकाम
भोपाल: शताब्दी एक्सप्रेस (Shatabdi Express) पर लगातार पथराव (Stone Pelting) की घटनाएं हो रही हैं। एक सप्ताह में पांच घटनाएं हो चुकी हैं। बुधवार को भोपाल से दिल्ली (Bhopal to Delhi) जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। इस ट्रेन पर लगातार पथराव की घटनाएं हो रही हैं लेकिन रेल प्रशासन इसे रोकने में असमर्थ नजर आ रहा है।
घटना ललितपुर से झांसी के बीच हुई। अज्ञात बदमाशों ने C6 कोच पर पथराव किया जिससे कांच टूट गया। घटना के बाद कोच में बैठे सभी यात्री दहशत में आ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना के बाद झांसी रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि बुधवार शाम घटना की जानकारी मिली। सुरक्षा अधिकारियों ने यात्रियों से घटना की जानकारी ली थी। उन्होंने बताया कि आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक सप्ताह में ट्रेन पर पथराव की 5वीं घटना
पिछले एक सप्ताह में शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की यह 5वीं घटना है। मंगलवार को विदिशा के नजदीक पथराव हुआ। भोपाल से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव के कारण ट्रेन के C-4 कोच के खिड़की का कांच टूट गया था। ये घटना विदिशा जिले के मंडी बामौरा स्टेशन के पास बरेठ और कल्हार के बीच हुई थी, जहां बदमाशों ने पत्थर बरसाए।
बार बार पथराव से यात्रियों में दहशत का माहौल
ग्वालियर में रविवार की रात भोपाल से दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव की घटना ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन गुजरने के बाद बिरला नगर-रायरू स्टेशन के बीच हुई थी। पत्थरबाजी में शताब्दी एक्सप्रेस के एसी कोच C-5 का कांच टूट गया था। साइड विंडो सीट पर बैठी महिला यात्री अचानक कांच में पत्थर लगने घबरा गई।
