पीएम मित्र पार्क (PM MITRA Park): एक नजर में
भारत सरकार ने पीएम मित्र पार्क (PM MITRA Park) योजना की शुरुआत देश को वैश्विक टेक्सटाइल हब (Global Textile Hub) बनाने के लक्ष्य से की है। इस योजना के तहत देशभर में सात बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इन पार्कों में उत्पादन से लेकर लॉजिस्टिक्स और निर्यात तक की पूरी वैल्यू चेन (Textile Value Chain) एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
मध्यप्रदेश के धार जिले में देश का पहला और सबसे बड़ा पीएम मित्र पार्क स्थापित किया जा रहा है। यह पार्क लगभग 3,000 एकड़ भूमि पर विकसित होगा और इसमें आधुनिक अवसंरचना, अत्याधुनिक मशीनरी और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का अनुमान है कि इस पार्क से तीन लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार (Jobs) सृजित होंगे।
इस पार्क के माध्यम से फाइव-एफ विजन— “फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन से फॉरेन” (5F Vision) को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे कपास उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि धागे से कपड़ा और कपड़े से तैयार उत्पाद तक का पूरा उद्योग यहीं विकसित होगा।
केंद्र सरकार इस परियोजना के लिए 4,445 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान कर रही है। राज्य सरकार भूमि और बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवा रही है। पार्क में टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक हब, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और रिसर्च-डेवलपमेंट इकाइयां स्थापित होंगी।
पीएम मित्र पार्क से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश का वस्त्र उद्योग (Textile Industry) मजबूत होगा और भारत को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा के नए अवसर मिलेंगे।
