भोपाल (dailyhindinews.com): जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले (Pahalgam terror attack) में मारे गए लोगों में इंदौर निवासी सुशील नथानियल (Sushil Nathaniel) भी शामिल हैं। सुशील नथानियल अलीराजपुर में एलआईसी कार्यालय में पदस्थ थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को नथानियल की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को मीडिया को जारी संदेश में कहा कि प्रदेश सरकार हमले में घायल नथानियल की बेटी आकांक्षा की मदद के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। दुख की इस घड़ी में सरकार मृतक के परिवार के साथ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह सहित पूरा केंद्रीय नेतृत्व इस मामले पर पल-पल नजर रखे हुए हैं। कश्मीर में पर्यटकों पर हमला पाकिस्तान की कायराना हरकत है।
उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम पूरे देश पर वज्रपात के समान है। पाकिस्तान और उसके हिमायती दहशतगर्दों को इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरा देश एकजुट है।
विनम्र अनुरोध : कृपया वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग करें For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्यूज़ के लिए डेली हिंदी न्यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2025