दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान की सऊदी अरब में आपात लैंडिंग के बाद खलबली मची
दुबई से तेल अवीव जा रहा फ्लाईदुबई का एक यात्री विमान बुधवार सुबह सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया. फ्लाइट को यहीं लैंड करना पड़ा.इसराइली मीडिया में बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान पायलटों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसके बाद विमान ने इमरजेंसी कोड भेजा और कुछ समय के लिए हाइजैकिंग की आशंका पैदा हो गई.

एफ़ज़ेड1073 के रूप में संचालित इस विमान में क़रीब 180 इसराइली यात्री सवार थे. विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत देता है. इसके बाद कोड बदलकर 7500 कर दिया गया, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप का संकेत है. बाद में विमान ने फिर से शुरुआती कोड 7700 भेजा.यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़ घटना के दौरान, संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में इसराइली वायुसेना ने अपने अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया.
फ्लाइट रडार24 के डेटा के मुताबिक इस विमान ने सऊदी अरब के ऊपर अचानक दिशा बदलने और नीचे उतरने के कुछ ही देर बाद क़रीब सात मिनट तक इमरजेंसी सिग्नल जारी किया.इसराइली प्रसारक एन12न्यूज़ के चीफ़ पॉलिटिकल एनलिस्ट अमित सेगल ने एक्स पर लिखा है, ”ऐसा लगता है कि दोनों पायलटों के बीच उड़ान के दौरान हाथापाई हो गई, जिसके बाद पूरे मध्य पूर्व में हाई अलर्ट कर दिया गया.”
इस टिप्पणी को रीपोस्ट करते हुए इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने लिखा है, ”आज सुबह इस घटना ने पूरे मध्य पूर्व, ख़ासकर इसराइल में, लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह हाई अलर्ट पर कर दिया. अच्छा है कि मामला इससे ज़्यादा गंभीर नहीं हुआ. लेकिन उड़ान के दौरान पायलटों का आपस में हाथापाई पर उतर जाना और विमान को रास्ता बदलकर उतारना निश्चित तौर पर कोई आम अनुभव नहीं है.”
