लीजिए दिल्ली-NCR में चुभने वाली गर्मी की तारीख भी आ गई, जानें क्या है मौसम विभाग की भविष्यवाणी

नई दिल्ली : देश की राजधानी में सर्दी ने अपना बोरिया बिस्तर लगभग समेट ही लिया है। दिन में धूप ऐसी निकल रही है कि लोगों को मई का फील आ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने चुभने वाली गर्मी का समय भी बता दिया है। इस बार मार्च में नहीं, अप्रैल में ही परेशान करने वाली गर्मी होगी। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, पिछले साल की तरह इस बार भी मार्च के बचे हुए दिनों में तापमान सामान्य से कम रह सकता है। मार्च में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना नहीं है। मार्च के बचे हुए दिनों में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस तापमान को बढ़ने से रोकेंगे। आगे कैसा रहेगा मौसमपूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 20 से 24 मार्च तक अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। न्यूनतम तापमान भी 13 से 15 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। यह सामान्य से नीचे ही बना रहेगा। स्काईमेट के अनुसार, मार्च के अंतिम 10 दिनों में न्यूनतम तापमान 15 से 16 और अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। इस बार मार्च के अंत तक तापमान के इससे ऊपर जाने की संभावना नहीं है। परेशान करने वाली गर्मी शुरुआत पिछले साल की तरह इस बार भी अप्रैल से होगी। धीरे-धीरे बढ़ेगी गर्मी अभी भी सुबह के समय मौसम सुहावना बना हुआ है। लोगों को सुबह के समय हल्के गर्म कपड़े पहने देखा जा रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। बारिश नहीं होने की वजह से अगले चार से पांच दिन तापमान धीरे धीरे बढ़ेगा। इस हफ्ते दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा होगा। इस दौरान 20-21 मार्च और 23-24 मार्च को हल्के वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से बादल दिखाई दे सकते हैं। कहां कितना पहुंचा टेंपरेचरसोमवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। हवा में नमी का स्तर 25 से 93 प्रतिशत तक रहा। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इनमें पालम का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम का 28.5 डिग्री सेल्सियस, जाफरपुर का 28.8 डिग्री सेल्सियस, मंगेशपुर का 27.8 डिग्री सेल्सियस, पूसा का 29.7 डिग्री सेल्सियस, मयूर विहार का 28.1 डिग्री सेल्सियस और राजघाट का 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगेशपुर का न्यूनतम तापमान महज 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।