केदारनाथ धाम के कपाट भक्तों के लिए खुले, रेकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे, चारधाम यात्रा शुरू

उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट खुल गए हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु केदार नगरी में पहुंचे हैं। केदारनाथ धाम के प्रमुख रावल भीमाशंकर लिंग ने पूर्ण विधि-विधान से मंदिर के कपाट खोले।

सुबह 7.10 बजे भक्तों के लिए केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। सुबह 10.29 बजे यमुनोत्री धाम और 12.25 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दर्शन और निरीक्षण के लिए सुबह 7 बजे ही केदारनाथ धाम पहुंच गए थे।

पंचकेदार में प्रमुख केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा में नया अध्याय भी जुड़ गया है। शुक्रवार को कपाटोद्घाटन पर धाम में 29030 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि कपाटोद्घाटन के मौके पर इनती बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्यधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि इस उपलब्धि से यात्रा में नया अध्याय जुड़ा है। पहले दिन जिस तरह से श्रद्धालुओं से का उत्साह देखने को मिला है, उससे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और भी अधिक हो सकती है।

भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंग में एक केदारनाथ धाम के कपाट वेद मंत्रोच्चार के बीच शुभ लग्न पर शुक्रवार सुबह 7 बजे खोल दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई गणमान्य लोगों ने बाबा केदार के दर्शन किए। हजारों श्रद्धालु भी इस पावन पल के साक्षी बने।