इंदौर (dailyhindinews.com): मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमेशा पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने जाति जनगणना रोक दी थी।
इस खबर के अहम बिंदु Key Points:
- सीएम यादव ने कांग्रेस पर OBCs के उत्थान में विफल रहने का आरोप लगाया
- नेहरू सरकार पर जाति जनगणना रोकने का दावा
- भाजपा ने मध्य प्रदेश को 4 OBC मुख्यमंत्री दिए, कांग्रेस का रिकॉर्ड शून्य: यादव
- मोदी सरकार की OBC हितैषी नीतियों का जिक्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ने भाजपा सरकार पर राज्य में शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी नौकरियों में OBCs को 27% आरक्षण लागू करने में विफल रहने का आरोप लगाया था। पटवारी के आरोपों से बिफरे यादव ने जवाब में कांग्रेस को ही आइना दिखाया।
पहले अपना इतिहास देखे कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने इंदौर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “झूठे आरोप लगाने से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को अपने दल का इतिहास देखना चाहिए। देश में जाति जनगणना पहले प्रधानमंत्री नेहरू ने रोक दी थी। कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रही, लेकिन OBCs के उत्थान के लिए उसने कुछ नहीं किया।”
ओबीसी आरक्षण पर सरकार अपने रुख पर कायम
डॉ. यादव ने साफ शब्दों में कहा कि ओबीसी आरक्षण को लेकर उनकी सरकार 27 प्रतिशत आरक्षण देने के बारे में अपने रुख पर कायम है। पूर्ववर्ती सरकार की रिपोर्ट पर उन्होंने परीक्षण कराया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अदालत में याचिकाएं लगाई हैं, उन्हें बुलाकर संवाद किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि बहुत जल्दी ही अच्छे परिणाम आएंगे।
भाजपा ने दिए हैं कई OBC मुख्यमंत्री
भाजपा के प्रमुख OBC नेता यादव ने कहा कि देश के वर्तमान प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) भी OBC वर्ग से आते हैं। उन्होंने दावा किया, “भाजपा ने मध्य प्रदेश को चार OBC मुख्यमंत्री दिए हैं, जबकि कांग्रेस ने इस वर्ग से एक भी मुख्यमंत्री राज्य को नहीं दिया।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार OBC समुदाय के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और आरक्षण सहित सभी योजनाओं का लाभ पिछड़े वर्गों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
विनम्र अनुरोध : कृपया वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग करें
For latest sagar news right from Sagar (MP) log on to Daily Hindi News डेली हिंदी न्यूज़ के लिए डेली हिंदी न्यूज़ नेटवर्क Copyright © Daily Hindi News 2025