अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर स्मारक डाक टिकट जारी किए
भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम जंबूरी मैदान में आयोजित किया गया था, जहां प्रधानमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर हजारों महिलाओं के बीच उत्साह का संचार किया।
प्रधानमंत्री मोदी हेलीकॉप्टर से जंबूरी मैदान पहुंचे और वहां से खुली जीप में सवार होकर सभास्थल तक गए। रास्ते में हजारों महिलाएं तिरंगा लहराते हुए उनका स्वागत करती नजर आईं। मोदी ने भी भीड़ का हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर विशेष आयोजन
इस दौरान, रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्के जारी किए। उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
राज्य के गणमान्य व्यक्तियों ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री के राजा भोज हवाईअड्डे पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री विश्वास सारंग, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, मुख्य सचिव अनुराग जैन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
यह कार्यक्रम महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान और ऐतिहासिक विरासत को समर्पित रहा, जिसमें प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।