Video: सैकड़ों बेबी मगरमच्छ के साथ बच्चे की मटरगश्ती, यह देखकर आपको यकीन नहीं होगा

नई दिल्ली: क्या कोई बच्चा मगरमच्छ के बच्चों के साथ खेल सकता है? इस सवाल का जवाब ढूंढना काफी मुश्किल है। कोई भी अपने बच्चे को मगरमच्छ के साथ छोड़ना नहीं चाहेगा। हालांकि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें एक 7-8 साल का बच्चा एक छोटे से पूल में मस्ती करता दिखाई देता है। हां, वो भी मगरमच्छ के साथ मस्ती। जी हां, देखने में तो यही लगता है कि यह बच्चा मगरमच्छ के बच्चों के बीच मटरगश्ती कर रहा है। वह बड़े आराम से जंप करता है, स्विम करता है और सैकड़ों मगरमच्छ उसके शरीर के आसपास घेरे रहते हैं। एक मगरमच्छ तो उसके पैरों पर बैठा भी दिखाई देता है। लेकिन यह बच्चा बिल्कुल भी घबरा नहीं रहा है बल्कि वह हंसता दिखाई देता है। इसे बच्चे का टैलेंट बताकर शेयर किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो कई महीने से है। कुछ लोग इसे खतरनाक स्टंट बता रहे हैं, जिसमें बच्चे की जान भी जा सकती थी। कुछ लोग इसे बच्चे की स्किल से जोड़ रहे हैं। ‘dingo_dinkelman’ ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, ‘बेबी क्रोकोडाइल के साथ तैरता हुआ बच्चा’। यह वीडियो साउथ अफ्रीका का बताया जा रहा है। कुछ लोगों ने मजे भी लिए हैं कि क्या बड़ा होने पर यह बच्चा बड़े मगरमच्छ के झुंड के साथ भी तैर पाएगा? बहुत से लोगों को इस वीडियो की सच्चाई पर भी शक हो रहा है। वीडियो को कई बार प्ले करके देखने पर मगरमच्छ के बच्चों के पैर चलाने और हरकत जैसी बात देखी जा सकती है। वैसे, मगरमच्छ कोई पालतू जानवर नहीं होता है। यह इंसान ही नहीं, बकरी-हिरण जैसे जानवरों को भी अपने धारदार दांतों से मार सकता है।वैसे, दुनिया में कुछ गांव या लोग अपवाद हैं, जो मगरमच्छ को पीट पर लादे या खेलते दिख जाएंगे। लेकिन यह जान लीजिए कि मगरमच्छ की दोस्ती का मतलब जान का खतरा है।