उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मध्यप्रदेश में सर्दी ने फिर दस्तक दे दी है और तापमान में गिरावट के बाद मौसम में ठंडक का एहसास होने लगा है।
मौसम में हुए इस परिवर्तन के कारण गुरुवार को प्रदेश में हवा की रफ्तार 12 से 15 किमी प्रतिघंटा पहुंच गई और तापमान में 6.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते प्रदेश के कई शहरों में रात का त[पमन 7 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को भी तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने बताया फरवरी महीने के बाकी दिनों में तापमान में ऐसी ही उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के पचमढ़ी में तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जबलपुर में 26.2 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 26.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 27.3 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 27.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज 14 फरवरी को दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। रात और सुबह के समय ठंडक बनी रहेगी। जबकि कल 15 फरवरी को दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी माह में कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते हैं। अबकी बार भी ऐसा ही है। इस वजह से पारे में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं है।