कौन हैं आईएएस अफसर सुनील वर्मा जिनकी राग सरकारी फेसबुक पोस्ट हो रही वायरल, फिर हुआ ये बड़ा खुलासा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के चर्चित आईएएस सुनील वर्मा एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार उनका एक फेसबुक पोस्ट खासा वायरल हो रहा है। इस पोस्ट को राग सरकारी नाम दिया गया है। दरअसल, सुनील कुमार वर्मा के खिलाफ पिछले साल भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था। भ्रष्टाचार और पद का दुरुपयोग कर करीबियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले में सरकार ने औरैया के तत्कालीन डीएम को निलंबित कर दिया था। उनकी संपत्तियों की जांच शुरू हुई थी। अब उनके फेसबुक पोस्ट को इसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। नट कथा के जरिए गर्वनेंस पर प्रहार करते दिख रहे हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने ट्विटर पर अपना फेसबुक एकाउंट हैक किए जाने और कई लोगों के पैसे मांगने की भी बात कही है।

क्या है राग सरकारी नट कथा?

राग सरकारी नोट कथा के जरिए सुनील वर्मा के फेसबुक पर ब्यूरोक्रेसी पर करारा तंज कसा गया है। इसमें नट को लेखक खुद से संबोधित करता दिखता है। नट थ्योरी को समझाते हुए लिखा गया है- एक पुरानी मशीन में एक नया नट लगाया गया। नट में काबिलियत और जोश था। वह नवाचार से पुरानी मशीन में काफी सकारात्मक बदलाव ला सकता है। पर, उसकी इस कोशिश से पुरानी मशीन में कंपन के साथ शोर बढ़ने लगा। शोर के समाधान के लिए मालिक ने मैकेनिक बुलाया। जांच के बाद उसने पाया कि शोर का कारण नया नट है। लिहाजा नए नट को अनयूज्ड ट्रे में रखकर पुराना नोट लगा दिया गया। मशीन से आवाज आनी बंद हो गई। कुछ समय बाद पुराना नट खराब हो गया। तो, कोई विकल्प न होने पर पुराने नट की जगह नया नट फिर से लगा दिया गया। इस बार नए नट ने ने कोई नवाचार की कोशिश या गलती नहीं की। लिहाजा, मशीन बिना शोर मचाए चलती रही।

2013 बैच के आईएएस हैं सुनील वर्मा

सुनील कुमार वर्मा वर्ष 2013 बैच के आईएएस हैं। सुनील कुमार वर्मा को औरैया डीएम रहते हुए सस्पेंड किया गया था। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इस आरोप को लेकर उन्हें निलंबित किया गया था। विजिलेंस की जांच चली। विजिलेंस की कई स्थानों पर छापेमारी हुई। कागजात जब्त किए। हालांकि, बाद में यूपी सरकार ने सुनील कुमार वर्मा का निलंबन समाप्त कर दिया।नवंबर 2022 में सुनील कुमार वर्मा को कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव पद पर तैनात किया गया। अभी वे विशेष सचिव रेशम के पद पर तैनात हैं। उनके फेसबुक पर किए गए पोस्ट को उनके खिलाफ पिछले दिनों हुई कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।

फेसबुक हैक होने की बात आई सामने

फेसबुक पर नट थ्योरी वाला नोट वायरल होने के बाद एकाउंट हैक होने जैसी बात सामने आई। एक यूजर ने रविवार की सुबह 9 बजे ट्वीट कर कहा कि विशेष सचिव रेशम सुनील वर्मा का एकाउंट हैक हुआ है। साइबर हैकर्स ने आईएएस अफसरों से पैसे मांगे हैं। मैसेज भेजकर सुनील वर्मा के हॉस्पिटल में भर्ती होने की बात कही जा रही है। दरअसल, पहले भी यूपी के कई प्रशासनिक अधिकारियों के एकाउंट हैक हो चुके हैं।सुनील कुमार वर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अगर कोई आपसे हमारा नाम लेकर पैसे मांगता है तो तुरंत इसकी सूचना दें। साथ ही, उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं और मुझे पैसों की कोई जरूरत नहीं है।