‘चंदा मामा’ की गोद में गहरी नींद में सोने वाले हैं विक्रम और प्रज्ञान! ISRO कर रहा यह तैयारी

नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख एस सोमनाथ ने शनिवार को भारत के मिशन चंद्रयान-3 को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि चंद्रमा पर भेजे गए चंद्रयान-3 के रोवर और लैंडर ठीक से काम कर रहे हैं। लेकिन चंद्रमा पर अब रात हो जाएगी इसलिए इन्हें ‘निष्क्रिय’ किया जाएगा। सोमनाथ ने कहा कि लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ अब भी काम कर रहे हैं और ‘हमारी टीम अब वैज्ञानिक साजो-सामान के साथ ढेर सारा काम कर रही है।’ उन्होंने कहा, ‘अच्छी खबर यह है कि लैंडर से रोवर कम से कम 100 मीटर दूर हो गया है और हम आने वाले एक या दो दिन में इन्हें निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं, क्योंकि वहां (चांद पर) रात होने वाली वाली है।’ इसरो प्रमुख ने पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य एल1’ का आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से सफल लॉन्च होने के बाद मिशन नियंत्रण केन्द्र से अपने संबोधन में यह जानकारी दी।अब सूर्य के रहस्यों से उठेगा पर्दा सूर्य का अध्ययन करने के लिए आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान शनिवार सुबह भारत के ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण राकेट-सी57 (पीएसएलवी-सी57) के साथ रवाना हुआ। पीएसएलवी-एक्सएल संस्करण के रॉकेट ने 1,480.7 किलोग्राम वजनी आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान के साथ उड़ान भरी, जो सौर गतिविधियों का अध्ययन करेगा। 321 टन वजनी 44.4 मीटर लंबा पीएसएलवी-सी57 रॉकेट सुबह 11.50 बजे सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) से आदित्य-एल1 के साथ रवाना हुआ। अपनी पूंछ पर एक मोटी नारंगी लौ के साथ धीरे-धीरे आसमान की ओर बढ़ते हुए, रॉकेट ने गड़गड़ाहट के साथ गति प्राप्त की और एक मोटा गुबार छोड़ते हुए ऊपर और ऊपर चला गया। दिलचस्प बात यह है कि यह मिशन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के लिए सबसे लंबे मिशनों में से एक है। उड़ान भरने के लगभग 63 मिनट बाद, रॉकेट आदित्य-एल1 को बाहर निकाल देगा और पूरा मिशन लगभग 73 मिनट पर चौथे चरण के निष्क्रिय होने के साथ समाप्त हो जाएगा।