नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत फरवरी 2023 तक 35,414 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से 424 परियोजनाएं शुरू की गई हैं और इनमें से 242 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं।
लोकसभा में डॉ. संजय जायसवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में जल शक्ति राज्य मंत्री विश्वेश्वर टुडु ने यह जानकारी दी। सदस्य ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत पूरी की गई परियोजनाओं का ब्यौरा मांगा था।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए अपशिष्ट जल संवर्द्धन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नदी तट प्रबंधन, ई-प्रवाह, वनीकरण, जैव विविधता संरक्षण आदि के माध्यम से व्यापक कार्य आरंभ किए गए हैं।इसे भी पढ़ें: Online gambling खेलने पर प्रतिबंध संबंधी विधेयक तमिलनाडु विधानसभा में फिर हुआ पारित
जल शक्ति राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘इसमें फरवरी 2023 तक 35,414 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से 424 परियोजनाएं शुरू की गई हैं और इनमें से 242 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं तथा उन्हें चालू कर दिया गया है। कुल 132 परियोजनाएं प्रगति पर हैं और 49 परियोजनाएं निविदा के विभिन्न चरणों में हैं।’’
उन्होंने कहा कि अधिकांश परियोजनाएं जलमल आधारभूत ढांचे के निर्माण से संबंधित हैं।