अलकनंदा किनारे ट्रांसफॉर्मर फटा और मौत लेकर दौड़ गया करंट, 15 मौतों से दहला चमोली

रश्मि खत्री, देहरादून/चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां अलकनंदा नदी के पास एक ट्रांसफर फटने से सीवर प्लांट में करंट उतर आया, जिसमें 15 मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं 7 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। हालात को देखते हुए कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। फिलहाल दो गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर से एम्स, ऋषिकेश/जॉलीग्रांट लाया जा रहा है। बता दें नमामि गंगे प्रोजैक्ट के तहत इस सीवर प्लांट का निर्माण चल रहा है। झुलसे सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएम धामी ने कहा है कि इस हादसे में जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायलों की पूरी सहायता की जाएगी। वहीं मंत्री धन सिंह रावत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भी जल्द ही घटनास्थल पर जा सकते हैं। उधर हादसे के बाद स्‍थानीय लोगों में आक्रोश है। वह ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। दुर्घटना के बाद प्रोजेक्‍ट का काम रोक दिया गया है।जानकारी के अनुसार अलकनंदा नदी के पास ये ट्रांसफर स्थित है। ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी वजह से सीवर प्लांट तक करंट फैल गया। यहां कई मजदूर काम कर रहे थे। सभी करंट की चपेट में आ गए। लोगों ने बताया कि देखते ही देखते कई लोग गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे चमोली फिर देखते ही देखते देहरादून तक हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंची, जिन्होंने झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में चमोली के एसपी प्रमेंद्र दोवाल ने बताया है कि मंगलवार शाम को एक व्यक्ति गणेश लाल की मृत्यु का समाचार मिला था जो नमामि गंगे प्रोजैक्ट में काम कर रहा था। उसकी पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए पुलिस बल आज वहां गया था, साथ में ग्रामीण भी थे। एसपी ने बताया कि यहां रेलिंग में दोबारा से करंट दौड़ने से लोग हताहत हुए। इसमें अभी तक 22 लोगों की हताहत की सूचना मिली है, जिसमें मृतकों की संख्या 15 है। इस दुर्घटना में एक पुलिसकर्मी और तीन होमगार्ड की भी मृत्यु हुई है।