उधर जीत का सबसे कम अंतर चितरंजन पार्क सीट पर रहा। महिला के लिए आरक्षित इस सीट पर आम आदमी पार्टी कैंडिडेट आशु ठाकुर ने बीजेपी की कंचन चौधरी को मात्र 44 मतों के अंतर से मात दी। उधर 188 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों, 10 पर बीजेपी और 3 पर आप प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। आइए जानते हैं किन सीटों पर 8 हजार से ज्यादा वोटों से जीत का अंतर रहा।
इन सीटों पर जीत का अंतर 8 हजार से अधिक रहा
वार्ड का नाम | विजेता पार्टी | जीत का अंतर |
होलंबी कलां | आप | 8141 |
मुंडका | इंडिपेंडेंट | 9348 |
रोहिणी ई | बीजेपी | 8035 |
शास्त्री नगर | बीजेपी | 12209 |
चांदनी महल | आप | 17134 |
बाजार सीताराम | आप | 12886 |
बल्लीमारन | आप | 11626 |
ख्याला | आप | 8478 |
डिचाओं कलां | बीजेपी | 10447 |
छतरपुर | आप | 8522 |
संगम विहार बी | आप | 9180 |
हरकेश नगर | आप | 11127 |
आजाद नगर | बीजेपी | 8334 |
झिलमिल | बीजेपी | 8382 |
सुंदर नगर | आप | 10403 |
चौहान बांगर | कांग्रेस | 15193 |
यमुना विहार | बीजेपी | 9455 |
करावल नगर ईस्ट | बीजेपी | 9052 |
दयालपुर | बीजेपी | 12314 |
BJP का 15 साल का राज खत्म किया
एमसीडी के 250 वार्डों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 104 सीटें हासिल कीं जबकि कांग्रेस के हिस्से में सिर्फ 9 सीटें आईं। एमसीडी चुनाव में जीत से खुश दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नागरिक सुविधाओं में सुधार का संकल्प व्यक्त किया और इसके लिये केंद्र और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘आशीर्वाद’ मांगा।
MCD चुनाव में किस वॉर्ड पर कौन जीता, अपने इलाके का रिजल्ट यहां देखिए
केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को दी बधाई
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले दिल्ली के लोगों को बहुत-बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जीत, इतनी शानदार जीत के लिए, इतने बड़े बदलाव और परिवर्तन के लिए दिल्ली को लोगों को बधाई देना चाहता हूं। दिल्ली के लोगों ने अपने बेटे और भाई को इस लायक समझा कि नगर निगम की जिम्मेदारी भी हमें दे दी। जो भी जिम्मेदारी उन्होंने हमें दी। हमने लाखों करोड़ों बच्चों का भविष्य बनाया। हमने लोगों के इलाज का इंतजाम किया। लोगों ने हमें बिजली की जिम्मेदारी दी तो हमने बिजली को सुधारा। आज दिल्ली के लोगों ने अपने बेटे को सफाई की जिम्मेदारी दी है तो हम उसे पूरा करेंगे। आपके प्यार और विश्वास का ऋण चुका नहीं पाऊंगा। मैं आपके भरोसे को कायम रखूं ऐसी हमारी कोशिश रहेगी।
राजनीतिक परिवारों के ज्यादातर उम्मीदवारों की जीत
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में राजनीतिक परिवारों से संबंध रखने वाले ज्यादातर उम्मीदवारों को जीत मिली है जबकि सबसे अमीर उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक शोएब इकबाल के बेटे एवं ‘आप’ के उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल ने कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद हामिद को 17,134 वोट से हरा दिया। यह इस एमसीडी चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। इकबाल को 19,199 वोट मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे हामिद को मात्र 2,643 वोट हासिल हुए। सीलमपुर के पूर्व विधायक मतीन अहमद की पुत्रवधु शगुफ्ता चौधरी ने 15,193 मतों से जीत हासिल की। यह इस चुनाव में जीत का दूसरा सबसे बड़ा अंतर रहा। उन्होंने सीलमपुर विधानसभा सीट से ‘आप’ के मौजूदा विधायक अब्दुल रहमान की पत्नी आसमा रहमान को शिकस्त दी।