विश्व को आचार्य विद्यासागरजी महाराज की शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए: RSS chief

 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को आचार्य विद्यासागरजी महाराज को देश की बड़ी पूंजी तथा सच्चा देशभक्त बताते हुए कहा कि विश्व को उनकी शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए।
भागवत ने नागपुर के चिटनिस पार्क में आचार्य विद्यासागरजी महाराज के समाधि महोत्सव के तहत आयोजित विनयांजलि सभा में यह बयान दिया। कार्यक्रम का आयोजन श्री दिगंबर जैन परवार मंदिर ट्रस्ट एवं सकल जैन समाज द्वारा किया गया था।
भागवत ने कहा, विद्यासागरजी महाराज के दर्शन मात्र से अनगिनत लोगों के जीवन में स्थिरता आ जाती थी। वह वास्तव में एक देशभक्त थे। उन्होंने समय-समय पर आध्यात्मिकता से लेकर देश के विकास तक विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया और सभी को एक रास्ता दिखाया। विश्व को उनकी शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यासागरजी हमेशा देश को भारत कहते थे न कि इंडिया।