लाल चौक पर तिरंगा लहराकर भारत से किया वादा आज पूरा हुआ, नफरत हारेगी, मोहब्बत हमेशा जीतेगी: राहुल गांधी

कांग्रेस पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आज जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लाल चौक पहुंची। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ऐतिहासिक लाल चौक पर तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “लाल चौक पर तिरंगा लहराकर भारत से किया वादा आज पूरा हुआ। नफरत हारेगी, मोहब्बत हमेशा जीतेगी, भारत में उम्मीदों का नया सवेरा होगा।”लाल चौक पर तिरंगा लहराकरभारत से किया वादा आज पूरा हुआ।नफ़रत हारेगी, मोहब्बत हमेशा जीतेगी,भारत में उम्मीदों का नया सवेरा होगा। pic.twitter.com/8B6vAk3aL6— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 29, 2023

लाल चौक पर जब राहुल गांधी ने तिरंगा फहराया उस समय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई नेता और हजारों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।कन्याकुमारी से 7 सितंबर, 2022 को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू हुई थी। करीब 5 महीने से चली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार (30 जनवरी) को जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में समापन होना है। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में समापन समारोह होना है, जिसमें कांग्रेस भारी भीड़ जुटने की उम्मीद कर रही है। पार्टी की तरफ से समान विचारधारा वाली क्षेत्रीय पार्टियों और उनके क्षत्रपों को निमंत्रण भी भेजा गया है। इससे पहले 11 जनवरी को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश भर के 24 दलों को समापन समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा था।इसके पहले शनिवार को जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी यात्रा में शामिल हुईं। महबूबा मुफ्ती अपनी बेटी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने यात्रा की जमकर तारीफ की थी।