चेन छीन रहे लुटेरों पर भारी पड़ गई लेडी डॉक्टर, साहस देख उल्टे पांव भागे, देखें वीडियो

इंदौर: लसुड़िया थाना क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर की बहादुरी के कारण लुटेरे भाग खड़े हुए। घटना के वक्त डॉक्टर क्लिनिक से अपने घर लौट रही थी। तभी दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे। महिला के गले की चेन पर झपट्टा मार दिया। इस दौरान महिला ने बदमाशों से काफी संघर्ष भी किया, खींचतान में चेन टूट गई और बदमाश डॉक्टर का हौसला देखकर भाग निकले। ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। दरअसल, घटना लसुड़िया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर की है। महिला डॉक्टर पूजा गुप्ता अपने क्लिनिक से घर लौट रही थी। इस दौरान दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देना चाहा। इस दौरान महिला डॉक्टर हौसला दिखाते हुए लुटेरों से भिड़ गई। महिला के हौसले को देखकर दोनों बदमाश वहां से उल्टे पांव भाग खड़े हुए। दोनों बदमाश नकाबपोश थे। साथ ही उनकी गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं था। महिला ने पूरे मामले की शिकायत लसुड़िया पुलिस से की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। वहीं, महिला के हौसले की लोग तारीफ कर रहे हैं। बदमाशों को महिला जब पलटकर दे रही थी तो वे भागने के लिए छटपटा रहे थे। गौरतलब है कि इंदौर में बेखौफ बदमाश लगातार पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। इससे पहले विजय नगर इलाके में कॉलेज की एक छात्रा के साथ मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। वह शाम के समय कॉलेज के पास से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाश उसके हाथ से फोन झपटकर भाग निकले।