जिसे दुत्कारा उसी हॉकर ने बचाई जान… इस वायरल वीडियो का संदेश नहीं, लोग एक्टिंग पकड़ रहे हैं

नई दिल्ली: हम सुनकर या देखकर सीखते-समझते हैं। कभी-कभी एक्टर की एक्टिंग से भी सीखते हैं और इसमें कोई बुराई नहीं है। आजकल शूटिंग, एडिटिंग आसान होने से ऐसे वीडियोज की भरमार हो गई है। आपको लगेगा कि इसकी बात क्यों हो रही है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक लाइन का संदेश है- किसी के साथ भी बुरा बर्ताव नहीं करना चाहिए। 2.13 मिनट के इस वीडियो का भाव यही है। लेकिन इसे देखकर लोग इसमें छिपे मेसेज से ज्यादा इस पर बातें करने लगे कि यह वीडियो असली है या फिर फिल्माया गया है।

Tansu YEĞEN ने अपने ट्विटर हैंडल से यह वीडियो शेयर किया है। जल्द ही करीब 10 लाख लोगों ने इसे देखा। वीडियो में दिखाई देता है कि एक लड़का कुछ बेचने के लिए एक कपल के पास आता है। वह अपना प्रोडक्ट दिखाना शुरू करता है, तभी मोबाइल देख रहा व्यक्ति उस पर भड़क जाता है। वह उसे बुरा-भला कहकर उसे भगा देता है। वह खड़ा होकर उस हॉकर के सामान को भी फेंक देता है।

इसके बाद मायूस होकर वह लड़का चला जाता है। सामने बैठी महिला से उसकी कुछ बातचीत होती है। देखने से यह सीन सड़क के किनारे कैफे या होटल का लगता है। इसी दौरान मोबाइल देखते-देखते अचानक उस व्यक्ति की हालत बिगड़ने लगती है। वह खांसना शुरू कर देता है। बेचैनी बढ़ती है, महिला उसके पास आकर मदद करती है लेकिन वह खड़ा हो जाता है।

दूसरी तरफ से वही लड़का दौड़कर आता है जिसे उसने दुत्कार कर भगाया था। उस शख्स की परेशानी समझकर वह गले में फंसी चीज को निकालने की कोशिश करता है। वह अपने उसी पट्टे जैसी चीज से उसके पेट को दबाता है और 2-3 बार झटका देने के बाद उसके गले में फंसी चीज निकल आती है।

जिस लड़के को उन्होंने भगा दिया था, वही उसे कुर्सी पर बैठाता है। पीठ पर हाथ फेरता है। पानी पीने के बाद उस व्यक्ति की जान में जान आती है और उसे अपने किए पर पछतावा होता है। वह खुद जाकर उसके सामान को उठाता है और पास वाली कुर्सी पर उसे बिठाता है। वीडियो में लड़का भावुक दिखता है और व्यक्ति उसे गले लगा लेता है।

हो सकता है कि यह वीडियो शूट करके बनाया गया हो तो क्या इससे मेसेज खत्म हो जाता है। लेकिन इस ट्वीट के कॉमेंट्स देखिए तो हैरानी होगी।ज्यादातर लोग यही खोज रहे हैं कि यह घटना ओरिजिनल नहीं है बल्कि शूट किया गया लगता है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो उस लड़के की टेक्निक के बारे में बात करते हैं। नोरम बेकर जैसे कुछ लोग ऐसे भी हैं जो लिखते हैं कि हमें इस खूबसूरत मेसेज को समझना चाहिए। भारत के कुछ लोगों ने गीता का संदेश बताते हुए लिखा कि उनकी आंखों से आंसू बह निकले। हर कोई ईश्वर की संतान है। इस तरह से देखिए तो हर अच्छी चीज के पीछे छिपे मेसेज को लोगों ने अपने-अपने तरह से लिया। कोई इस वीडियो में शूटिंग या असली-नकली देखने लगा, तो किसी को मेसेज ही समझ में आया।