बिहार में पकड़ी गई वो चीनी महिला, बौद्ध भिक्षु बन कर रही थी दलाई लामा की जासूसी?

गया: बिहार के बोधगया में बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा की जासूसी के शक में जिस चीनी महिला का पुलिस ने स्केच जारी किया था, उसे हिरासत में ले लिया गया है। स्कैच जारी होने पर बोधगया पुलिस, चीनी महिला को जोर शोर से ढूंढ रही थी। इन चीनी महिला के पिछले 2 साल से देश के अलग-अलग भागों में रहने की बात सामने आई है। इस बीच गुरुवार शाम चीनी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बोधगया थाना पुलिस चीनी महिला से पूछताछ कर रही है। चीनी महिला को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि मगध रेंज के आईजी एम आर नायक ने की है।

एम आर नायक ने बताया कि पासपोर्ट पर संदिग्ध चीनी महिला का नाम Song Xiaolan है। पुलिस ने इसका स्कैच जारी करते हुए वीजा नंबर की डिटेल भी जारी की थी। उन्होंने कहा कि इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि यह संदिग्ध महिला यहां दलाई लामा की जासूसी करने के लिए आई थी। चीनी महिला पिछले 2 साल से देश के अलग-अलग हिस्सों में रह रही थी। हालांकि अभी उसका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

कालचक्र गाउंड से हिरासत में ली गई चीनी महिला

उन्होंने बताया कि महिला भिक्षु के रूप में थी। इस वजह से वो आसानी से सबके बीच छिप जाती थी। चीनी महिला को कालचक्र गाउंड से हिरासत में लिया गया है। फिलहाल केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी और उसके बारे में और डिटेल खंगाल रही है।

गुस्सा भड़काने वालों के खिलाफ कोई दुर्भावना नहीं: दलाई लामा

इधर दलाई लामा ने लोगों से जरूरतमंदों के लिए काम करने का आग्रह करते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति धर्म में विश्वास करता है तो उसे दूसरों के बारे में सोचना चाहिए। दलाई लामा ने बिहार के बोधगया में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके मन में गुस्सा भड़काने वालों के खिलाफ कोई दुर्भावना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर आप आस्तिक हैं तो आपको दूसरों के बारे में सोचने की जरूरत है। अगर आप केवल अपने बारे में सोचते हैं तो आपसे यह उम्मीद नहीं की जाती। हमेशा जरूरतमंद लोगों के लिए काम करें।