नई आबकारी नीति में अहातों पर प्रतिबंध : शिवराज

भोपाल (dailyhindinews.com)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में शराब की दुकान के साथ अहाते नहीं होंगे। नई आबकारी नीति में अहातों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।धार्मिक, शैक्षणिक स्थलों के 100 मीटर तक शराब की दुकानों पर प्रतिबंध रहेगा।

shivraj-sharab

नशे के खिलाफ सरकार के अभियान को और मजबूती देने के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्‍होंने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने पर पहली बार में 6 महीने तक के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर 2 साल तक और तीसरी बार में ड्राइविंग पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाएगा।

प्रदेश में विकास यात्राएं निरंतर जारी

उन्‍होंने कहा कि विकास यात्राएं निरंतर जारी हैं। मुझे बताते हुए खुशी है कि विकास यात्रा में अब तक 27 हजार 421 लोकार्पण और 20 हजार 676 शिलान्यास कार्य किये जा चुके हैं। 4 लाख 88 हजार 146 बहनों और भाइयों की समस्याओं का उचित समाधान हुआ है।

मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठित सीबीआइपी अवार्ड

चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को सिंचाई के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए उत्कृष्ट राज्य के रूप में चुना गया है। केंद्रीय सिंचाई एवं ऊर्जा ब्यूरो द्वारा मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठित सीबीआइपी अवार्ड मिला है। मैं सभी प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। पाइप प्रणाली के माध्यम अधिकतम क्षेत्र में सिंचाई करने वाला देश का पहला राज्य मध्यप्रदेश बना है। सिंचाई, पेयजल एवं उद्योगों के लिए जल-संसाधनों के अधिकतम उपयोग में प्रदेश को यह पुरस्कार मिला है।