नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) फॉर्म से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2023 (IPL 2023) के पहले दो मैचों में पृथ्वी के बल्ले से सिर्फ 19 रन ही निकले। उनकी टीम को दोनों मुकाबले में हार मिली। 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ को भविष्य के सितारे के रूप में देखा जाता था। लेकिन खराब फॉर्म और मैदान के बाहर विवादों की वजह से वह टीम इंडिया में जगह पक्की नहीं कर पाए हैं।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में पृथ्वी शॉ के आउट होने के तरीके से वीरेंद्र सहवाग नाराज हो गए। क्रिकबज पर पूर्व भारतीय ओपनर ने कहा, ‘वह (शॉ) कई बार इसी तरह के शॉट खेलकर आउट हुए हैं… लेकिन क्या उन्हें भी अपनी गलतियों से नहीं सीखना चाहिए? शुभमन गिल को देखिए। उन्होंने उनके (शॉ) साथ अंडर-19 क्रिकेट खेला और अब भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 खेल रहे हैं, लेकिन शॉ अभी भी आईपीएल में संघर्ष कर रहे हैं।’
सहवाग यहीं नहीं रुके और आगे कहा- उन्हें इस आईपीएल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक फायदा उठाना है और रन बनाने हैं। रुतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल के एक सीजन में 600 रन बनाए। शुभमन गिल ने भी ताबड़तोड़ रन बनाए। इसलिए शॉ को भी अपने आईपीएल में निरंतर होना होगा।
पृथ्वी शॉ को 2018 में ही भारत के लिए खेलने का मौका मिल गया था। उन्होंने डेब्यू टेस्ट में ही शतक लगाया था। लेकिन उसके बाद कोई बड़ा कमाल नहीं कर पाए। उन्हें 6 वनडे खेलने का मौका मिला है। इसमें 31.5 की औसत से 189 रन हैं। एक टी20 इंटरनेशनल में वह खाता नहीं खोल पाए थे।
दूसरी ओर शुभमन गिल तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के प्रमुख बल्लेबाज बन चुके हैं। तीनों फॉर्मेट में वह शतकीय पारी खेल चुके हैं। हालांकि आईपीएल में दोनों का रिकॉर्ड लगभग एक ही जैसा है। 73 पारियों में गिल ने 32 की औसत और 126 की स्ट्राइक रेट से 1977 रन बनाए हैं। शॉ के बल्ले से 65 पारियों में 25 की औसत और 147 की स्ट्राइक रेट से 1607 रन निकले हैं।