राशिद अली, मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की निजी जिंदगी की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। कभी अपराध की दुनिया को अपनी उंगलियों पर नचाने वाला जीवा पत्नी पायल की खूबसूरती का कायल हो गया था। एक शादी समारोह में संजीव जीवा ने पायल को देखा तो दीवाना हो गया। जानकारी के मुताबिक पहली नजर में जीवा, पायल को दिल दे बैठा था। इसके दो साल बाद गैंग के सदस्यों ने ही पायल और जीवा की लव मैरिज को अरेंज कराया। जीवा ने 2006 में पायल के साथ हरिद्वार में सात फेरे लिए थे।प्रतीक दीवान अपहरण कांड में 22 साल पहले दो करोड़ की फिरौती वसूलने के बाद गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा अपराध की दुनिया का जाना-माना नाम बन गया था। पूर्वांचल के भाजपा नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी और कृष्णानंद राय हत्याकांड में नाम आने के बाद संजीव जीवा की तूती पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक बोल रही थी। संजीव जीवा अपराध के रास्ते पर दौड़ रहा था। करीब 33 साल की उम्र पार करने के बावजूद जीवा कुंवारा था, उसी समय एक शादी समारोह के दौरान उसके जीवन में भी टर्निंग पॉइंट आया। पेशी पर भी जीवा के पैर छूती थी पायलशादी में अपने एक रिश्तेदार के साथ शामिल होने आई पायल शर्मा नाम की लड़की पर जीवा की नजर पड़ी तो वह उसका दीवाना हो गया। जीवा भी शादी से लौट गया, लेकिन वह पायल को नहीं भूला। चेलो ने पता ठिकाना लगाया तो जानकारी मिली की पायल मूल रूप से मोदीनगर की रहने वाली है और ब्राह्मण परिवार से संबंध रखती है। यहां भी गैंगस्टर का रुतबा उसके काम आया और 2006 में हरिद्वार में दोनों ने एक दूसरे के साथ जिंदगी गुजारने की कसम खा ली।शादी के बाद जीवा ने दिल्ली सोनिया विहार में मकान लेकर अपनी गृहस्थी शुरू की। जानकार बताते हैं कि पति के अपराध की दुनिया में शिखर छूने के बावजूद पायल ने जीवन की डोर सादगी से ही थामे रखी। पेशी या मिलाई के दौरान पायल सबसे पहले जीवा के पैर छूती थी।पायल ने राजनीति में भी आजमाई किस्मतशादी के करीब 10 साल बाद पायल माहेश्वरी ने राजनीति में भी किस्मत आजमाई। पायल ने रालोद की सदस्यता ग्रहण करते हुए 2017 में मुजफ्फरनगर के सदर विधानसभा क्षेत्र से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव हार गई थीं। राजनीति में शुरुआती असफलता के बाद पायल की सक्रियता कम हो गई। 2022 में पायल माहेश्वरी पर धोखाधड़ी सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। 2023 में उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा। पुलिस रेकॉर्ड के अनुसार पायल इस समय फरार चल रही है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।