समुद्री क्षेत्र में भारत के उभरती ताकत बनने के संकेत दिख रहे: नौसेना प्रमुख

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि जिस तरह भारत आर्थिक विकास के लिए अपनी नजरें समुद्र पर केंद्रित कर रहा है, उन्हें समुद्री क्षेत्र में भारत के उभरती ताकत बनने के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
यहां नेशनल मैरीटाइम फाउंडेशन (एनएमएफ) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडमिरल कुमार ने यह भी कहा कि 2022 के समुद्री डकैती रोधी कानून को औपचारिक रूप देने में भी इस ‘‘थिंक-टैंक’’ का ‘‘महत्वपूर्ण योगदान’’ रहा है, जिसे शायद ही कभी मान्यता दी जाती है।
उन्होंने कहा कि यूरोप और मध्य पूर्व में संघर्ष और गैर-पारंपरिक खतरों के मद्देनजर उभरती चुनौतियों के बीच एनएमएफ की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। वह वाइस एडमिरल के के नैय्यर स्मृति व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे।
कुमार ने कहा कि उल्लेखनीय है कि एनएमएफ ने 2015 में जारी महत्वपूर्ण भारतीय समुद्री सुरक्षा रणनीति (आईएमएसएस) तैयार करने के लिए नौसेना के साथ सहयोग किया। नौसेना प्रमुख ने कहा कि यह दस्तावेज ‘‘समुद्री क्षेत्र में हमारे राष्ट्रीय हितों की रक्षा, संरक्षण, इसे बढ़ावा देने में नौसेना के प्रयासों का मार्गदर्शन करता है।