बांद्रा-वर्ली सी लिंक से समुद्र में कूदा शख्स, पुलिस-नौसेना का सर्च ऑपरेशन जारी, हेलीकॉप्टर से हो रही तलाश

मुंबई में एक शख्स के बांद्रा वर्ली सी लिंक से कूदने की खबर है। सूचना के बाद मुंबई पुलिस, नौसेना और तटरक्षक बल शख्स की तलाश में जुटे हैं और सर्च अभियान चला रहे हैं। पुलिस के अनुसार, शख्स ने बांद्रा वर्ली सी लिंक के बीच अपनी कार रोकी और फिर पुल से अरब सागर में छलांग लगा दी।घटना के बाद तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर्स की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि बांद्रा वर्ली सी लिंक पांच किलोमीटर लंबा पुल है जो कि बांद्रा को वर्ली से जोड़ता है। आठ लेन का यह पुल दक्षिणी मुंबई में स्थित है।भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना और मुंबई पुलिस की टीमों ने वर्ली खाड़ी में पानी से व्यक्ति को ट्रैक करने के लिए बड़े पैमाने पर हवाई और समुद्री खोज अभियान के लिए एक हेलीकॉप्टर तैनात किया है।व्यक्ति की पहचान, वह कहां का रहने वाला है और इस कदम के पीछे क्या मकसद है, स्पष्ट नहीं है। इस घटना के चलते बीडब्ल्यूएसएल के दोनों तरफ भारी ट्रैफिक जाम हो गया, जिसे ट्रैफिक पुलिस ठीक करने प्रयास कर रही है ताकि लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।