लो मैं फिर आ गया… IPL में अजिंक्य रहाणे की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी देखकर हो जाएंगे हैरान

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के अजिंक्य रहाणे ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। आईपीएल 2023 में किसी भी बल्लेबाज के द्वारा लगाया गया सबसे तेज पचासा है। इससे पहले जोस बटलर ने 20 गेंद में अर्धशतक लगाया था।

रहाणे सीएसके के लिए आईपीएल में अपना पहला मैच भी खेल रहे हैं। इससे पहले खेले गए दो मैचों में रहाणे को सीएसके के लिए मौका नहीं मिला था।पहले ओवर में डेवोन कॉन्वे का विकेट गंवाने के बाद अजिंक्य रहाणे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे और पहली गेंद से ही उन्होंने अपनी मंशा साफ कर दी की वह रुक कर नहीं खेलने वाले हैं। दूसरे और तीसरे ओवर में रहाणे को बहुत कम स्ट्राइक मिला लेकिन जब भी वह गेंदबाजों के सामने आए उन्होंने बड़ा शॉट ही लगाने का प्रयास किया।

अजिंक्य राहणे का सबसे खौफनाक रूप पारी के चौथे ओवर में देखने को मिला। मुंबई के लिए अरशद खान चौथा ओवर लेकर आए थे। इस दौरान रहाणे ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर गेंदबाज को दहला दिया। इसके बाद भी वह नहीं रुके और लगातार चार चौके जड़कर मुंबई इंडियंस को पूरी तरह से बेबस कर दिया।

अरशद खान के इस ओवर में रहाणे ने कुल 21 रन बना डाले। इसके बाद भी वह नहीं रुके। पांचवें ओवर की तीसरी ही गेंद पर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हालांकि वह 27 गेंद में 61 रन बनाकर पीयूष चावला का शिकार बने। अपनी इस पारी में रहाणे ने 7 चौके और 3 बेहतरीन छक्का भी लगाया।

अजिंक्य रहाणे ने मुंबई के खिलाफ जिस तरह की तूफानी बल्लेबाजी की उससे वह आईपीएल के इतिहास में तीसरे सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में पैट कमिंस पहले नंबर पर हैं जिन्होंने 2022 में केकेआर के लिए सिर्फ 14 गेंद में 50 रन बना डाले थे। वहीं सुरेश रैना इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा ऋषभ पंत ने साल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 18 गेंद में पचासा जड़ा था।

रहाणे ने यह कारनामा सिर्फ 19 गेंद में करके दिखाया है। इतना ही वह सीएसके के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। पहले नंबर पर सुरेश रैना का नाम आता है जिन्होंने 2014 में सिर्फ 16 गेंद में यह कारनामा किया था। सीएसके के लिए मोइन अली भी 2022 में 19 गेंद में अर्धशतकीय खेल चुके हैं।