नोवाक जोकोविच, उसेन बोल्ट, सचिन तेंदुलकर ये सारे वो नाम हैं जो अपने अपने खेल की फिल्ड में बेहद माहिर है। उसेन बोल्ट अपने दौड़ने में माहिर है, नोवाक चोकोविच अपने विपक्षी को शॉट मारने में माहिर है। वहीं सचिन तेंदुलकर गेंदबाज की गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाने में माहिर है। इस लिस्ट में अब एक और नाम आ गया है, जिसने खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने इस कड़ी में नया रिकॉर्ड स्थापित कर लिया है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने 565 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के स्मैश के साथ ये रिकॉर्ड बनाया है। ये हिट बैडमिंटन में किसी पुरुष खिलाड़ी द्वारा सबसे तेज ‘हिट’ लगाने का उनका रिकॉर्ड है। इस रिकॉर्ड के तहत सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने सबसे तेज गति से शॉट मारा है। ये शॉट इतना तेज स्पीड में उन्होंने मारा की शोएब अख्तर की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड इसके सामने काफी छोटा लगा। बता दें कि शोएब अख्तर के करियर की सबसे तेज गेंद 161.3kmph की स्पीड से की गई है। वहीं सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने इस रिकॉर्ड के तीन गुणा तेज शॉट मारकर नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। तोड़ा 2013 का रिकॉर्डहाल में चिराग शेट्टी के साथ मिलकर इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 का खिताब जीतने वाले सात्विक ने इसके साथ ही मई 2013 में बनाए मलेशिया के टेन बून हियोंग के 493 किमी प्रति घंटे के एक दशक से भी पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सात्विक का स्मैश किसी फॉर्मूला वन कार द्वारा हासिल की गई 372.6 किमी प्रति घंटे की सबसे तेज रफ्तार से भी अधिक तेज था। महिला वर्ग में सबसे तेज बैडमिंटन ‘हिट’ का रिकॉर्ड मलेशिया की टेन पियर्ली के नाम रहा जिन्होंने 438 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से शॉट लगाया था। कंपनी ने की घोषणाजापान की खेल उपकरण निर्माता कंपनी योनेक्स ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘योनेक्स को यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि योनेक्स बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (भारत) और टेन पियर्ली (मलेशिया) ने क्रमश: सबसे तेज पुरुष और महिला बैडमिंटन हिट के साथ नया गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया है।’’ विश्व रिकॉर्ड 14 अप्रैल 2023 को बनाया गया था और गिनीज विश्व रिकॉर्ड के आधिकारिक जजों ने उस दिन के गति माप नतीजों के आधार पर इसकी पुष्टि की। सात्विक ने यह स्मैश जापान के सेइतामा के सोका में योनेक्स फैक्टरी जिम्नेजियम में लगाया था। जानें सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के बारे मेंसात्विकसाईराज रंकीरेड्डी आंध्र प्रदेश के अमलापुरम शहर के रहने वाले है। उन्होंने एक दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ने में सफलता पाई है। पुराना रिकॉर्ड मलेशिया के शटलर टैन पर्ली ने बनाया था, जो कि 438 किमी प्रति घंटा की रफ्तार का था। बता दें कि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने ये रिकॉर्ड जुलाई में नहीं बनाया है बल्कि उन्होंने ये शॉट 14 अप्रैल 2023 को मारा था, जिसे मान्यता अब मिल गई है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी का जन्म 13 अगस्त 2000 को हुआ था, जो सिंगल और मिक्सड डबल्स में खेलते है। उनके पिता काशी विश्वनाथ और मां रंगमणि है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पिता भी स्टेट लेवल बैडमिंटन प्लेयर रह चुके है और वो फिजिकल टीचर की पोस्ट से रिटायर हुए है। उनकी मां हाउसवाइफ है। उनके बड़े भाई रामचरण रंकीरेड्डी भी बेडमिंटन खिलाड़ी है। पिता थे साई के पहले कोचसात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने बेडमिंटन रैकेट छह वर्ष की उम्र से ही थाम लिया था। उन्हें सबसे पहले अपने पिता से ही ट्रेनिंग मिली थी। वर्ष 2014 में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने पुलेला गोपीचंद की अकादमी ज्वाइन की थी। यहां उन्होंने पूर्व खिलाड़ी और कोच पुलेला गोपीचंद के नेतृत्व में खेला। इसके बाद उन्होंने अपना पहला खिताब अंडर-13 लेवल पर सब-जूनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के तौर पर हासिल किया। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2014 में अंडर 17 सब जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में डबल्स टूर्नामेंट में खिताब हासिल किया। इसके अगले ही वर्ष 2015 उन्होंने एशियाई जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में अंडर-17 में खेलते हुए पहला गोल्ड मेडल हासिल किया। ये उनके करियर का पहला इंटरनेशनल गोल्ड मेडल था। उन्होंने 2015 में ही टाटा ओपन इंडिया इंटरनेशनल में मिश्रित युगल साथी कुल्लपल्ली मनीषा के साथ अपना पहला इंटरनेशनल खिताब भी जीता था। अब तक जीते हैं ये खिताबवर्ष 2018 में सात्विक ने डबल्स टूर्नामेंट में चिराग शेट्टी के साथ जोड़ी में खेलते हुए रजत पदक जीतने में सफलता पाई थी। राष्ट्रमंडल खेल जिनका आयोजन ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुआ था, वहां मिश्रित टीम में सात्विक ने गोल्ड मेडल जीतने में सफलता पाई थी। इसके बाद जकार्ता में खेले गए एशियाई खेलों में उनकी जोड़ी फिर चिराग के साथ बनाई गई। हालांकि इस टूर्नामेंट में वो जीत नहीं सके। मगर चिराग के साथ उनकी जोड़ी बन गई। दोनों ने 2019 में चर्चा बटोरी जब चीन के ली जुनहुई और लियू युचेन को सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी ने मात दी। इस जीत के साथ ही दोनों ने थाइलैंड ओपन डबल्स खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के साथ ही सात्विक और चिराग सुपर 500 सीरीज खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी थी। इसी वर्ष दोनों डबल्स फाइनल मुकाबले तक पहुंचने में सफल हुए थे, मगर उन्हें फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के मार्कस फेरलैंडी गिदोन और केविन संजय सुकामुल्जो से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों की जोड़ी ने तोक्यो ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया था, मगर दोनों ही टूर्नामेंट पर नौवें स्थान पर रहे थे।