झारखंड में चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली नई सरकार का आज कैबिनेट विस्तार हो गया। आज राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आठ नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन और चाईबासा के विधायक दीपक बिरुआ को छोड़कर सभी पुराने चेहरों को ही फिर से मौका दिया गया है।आज के कैबिनेट विस्तार के साथ चंपई सोरेन सरकार में मंत्रियों की संख्या 11 हो गई है। शपथ लेने वालों में कांग्रेस के डॉ. रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल और जीएमएम के मिथिलेश ठाकुर, बसंत सोरेन, दीपक बिरुआ, मो. हफीजुल हसन और बेबी देवी शामिल हैं। इसके पहले 3 फरवरी को सीएम चंपई सोरेन के साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम और आरजेडी के सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली थी। पूर्व में हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल रहीं जोबा मांझी को चंपई सोरेन सरकार में जगह नहीं मिल पाई है।आज के कैबिनेट विस्तार पर झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा, “आज हमारे मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है और जल्द ही सभी मंत्रियों को अपना दायित्व मिल जाएगा। अभी तक उपमुख्यमंत्री के पद पर कोई चर्चा नहीं है। हम जल्द ही विभागों का बंटवारा कर देंगे।”#WATCH रांची: झारखंड का कैबिनेट विस्तार पर झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा, “आज हमारे मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है और सभी मंत्रियों को अपना दायित्व मिल जाएगा… अभी तक(उपमुख्यमंत्री के पद पर) कोई चर्चा नहीं है… हम जल्द ही विभागों का बंटवारा कर देंगे।” pic.twitter.com/yGLMTxayw1— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 16, 2024
इस बार कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के चेहरे में बदलाव की चर्चा थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने पुराने चेहरों को ही रिपीट किया है। झारखंड में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। शुक्रवार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों की संख्या 11 हो गई है। यानी 12वें मंत्री का बर्थ खाली रखा गया है। हेमंत सोरेन की सरकार में भी 11 मंत्री ही थे।