1. कितने बजे शुरू होगी एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग?
रविवार को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और शाम 5.30 बजे तक चलेगा। दिल्ली नगर निगम के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) से ही कराए जाएंगे।
2. चुनाव में ड्यूटी लगी है, बस कितने बजे मिलेगी?
रविवार 4 दिसंबर के लिए बसों की विशेष व्यवस्था की गई है। तड़के 3 बजे से बसें चलने लगेंगी। 35 रूटों पर ये बसें चलाई जाएंगी।
3. क्या दिल्ली मेट्रो का भी समय बदला है?
दिल्ली में चुनाव के मद्देनजर मेट्रो पहले ही चलने लगेगी। जी हां, रविवार को सुबह 4 बजे से ही सभी लाइनों पर मेट्रो मिलेगी। ऐसे में पोलिंग बूथ पर जाने वाले सरकारी कर्मचारी मेट्रो पकड़ सकते हैं। 4 से 6 बजे तक 30-30 मिनट के अंतर पर ट्रेनें चलेंगी। सुबह छह बजे के बाद रविवार की सामान्य समय सारिणी के अनुसार मेट्रो चलेगी।
4. क्या मतदान के दिन दिल्ली में शराब मिलेगी?
जी नहीं, रविवार को दिल्ली में कहीं भी शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी। होटल और बार में भी शराब की उम्मीद मत रखिएगा। दिल्ली में 2 से 4 दिसंबर तक ड्राई डे है।
5. इस बार एमसीडी चुनाव में क्या नई बात है?
पूर्वी दिल्ली नगर निगम, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम को मिलाने के बाद पहली बार चुनाव हो रहा है। एमसीडी में पिछले 15 साल से भाजपा का कब्जा है। कुल वॉर्ड अब 250 हैं। भाजपा और AAP ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि कांग्रेस 247 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
6. वोटर आईकार्ड नहीं है, क्या करें?
कोई दिक्कत की बात नहीं है। आप मतदाता पर्ची के साथ कोई दूसरा सरकारी पहचान पत्र साथ लेकर जाइए। पासपोर्ट, डीएल, पैन, आधार या कोई दूसरी आईडी लेकर आप वोट डालने जा सकते हैं जिसमें आपकी तस्वीर हो।
7. वोटर लिस्ट में नाम नहीं पता?
अगर ऐसा है तो घबराने की कोई जरूरत नहीं।
पर जाकर अपने बारे में कुछ जानकारी और कैप्चा कोड भरकर आप वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं।
8. MCD चुनाव के चलते स्कूल कब तक बंद हैं?
रविवार को तो छुट्टी ही है। एक दिन पहले शनिवार को स्कूल बंद था और कल यानी सोमवार 5 दिसंबर को भी स्कूल बंद रहेंगे। दरअसल, ज्यादातर स्कूल के टीचर चुनाव ड्यूटी में रहेंगे इसलिए सोमवार को छुट्टी की घोषणा की गई है। हां, स्कूल में उपलब्ध शिक्षक 5 दिसंबर को ऑनलाइन कक्षाएं चलाएंगे। यह भी जान लीजिए कि 3 दिसंबर की छुट्टी के बदले 10 दिसंबर को कक्षाएं चलेंगी।
9. एमसीडी चुनाव की हेल्पलाइन क्या है?
आप वोटर हेल्पलाइन 1950 पर फोन कर सकते हैं। यह टोल फ्री नंबर है और देश का कोई भी नागरिक इस पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
10. एमसीडी चुनाव की सारी जानकारी कहां मिलेगी?
इसके लिए आपको बस एक ऐप Nigam Chunav Delhi डाउनलोड करना है। यहां आप वोटर लिस्ट में नाम समेत कई जानकारियां हासिल कर सकते हैं। इसकी मदद से पोलिंग बूथ की लोकेशन भी मिल जाएगी।