Exit Poll Results: गुजरात और हिमाचल में फिर बन रही BJP की सरकार

नई दिल्ली: गुजरात और हिमाचल प्रदेश के एग्जिट पोल्स से मोटा-मोटा अनुमान लग रहा है कि बीजेपी दोनों ही राज्यों में सरकार बचा लेगी। गुजरात में तो सभी सर्वे बीजेपी की जीत की भविष्यवाणी कर रहे हैं और करीब-करीब यही अनुमान हाल हिमाचल प्रदेश के लिए भी लगाया जा रहा है। ज्यादातर सर्वे में हिमाचल प्रदेश में बीजेपी की सरकार सत्ता में लौटती दिख रही है। हालांकि, एक्सिस माइ इंडिया और आज तक के संयुक्त सर्वे में हिमाचल प्रदेश में सरकार बदलती दिखाई जा रही है। वहां कांग्रेस पार्टी को बीजेपी के मुकाबले दो प्रतिशत वोट और छह सीटों की बढ़त होने का अनुमान एक्सिस माइ इंडिया-आज तक के सर्वे में जताया जा रहा है।

गुजरात में कांग्रेस को बड़ा झटका?
रिपब्लिक भारत और पी मार्क के सर्वे के अनुसार, गुजरात की 182 सीटों में से बीजेपी को 128-148, कांग्रेस पार्टी को 30 से 42, आप को 2 से 10 जबकि अन्य को 0 से 3 सीटें मिलती दिख रही हैं। इस में बीजेपी को 48.2 प्रतिशत, कांग्रेस को 32.6 प्रतिशत, आप को 15.4 प्रतिशत और अन्य को 3.8 प्रतिशत वोट मिलते दिख रहे हैं। मध्य गुजरात में बीजेपी को 25 से 34, कांग्रेस को 8 से 14, आप को 0 से 2 जबकि अन्य को 0 से 1 सीट मिलती दिख रही है।

गुजरात विधानसभा चुनाव एग्जिट पोल

सर्वे एजेंसी भाजपा कांग्रेस AAP अन्य
टाइम्स नाउ 135-145 24-34 6-16 1-3
रिपब्लिक भारत 128-148 30-42 2-10 0-3
एक्सिस-माइ इंडिया 131-151 16-30 9-21
न्यूज 18 – टार्गेट 131 38 10 3
टीवी 9 128 45 4 5
जी न्यूज-बार्क 110-125 45-60 1-5 0-4
टुडेज चाणक्य 150 -/+11 19 -/+9 11 -/+7 2 -/+ 2
सी वोटर 134 37 7 4
जन की बात 129 43 8 2

हिमाचल विधानसभा चुनाव एग्जिट पोल

सर्वे एजेंसी भाजपा कांग्रेस AAP अन्य
टाइम्स नाउ 38 28 0 2
आर भारत-पी मार्क 34-39 28-33 0-1 1-4
जी न्यूज-बार्क 38 23 4 3
टुडेज चाणक्य 33 +/- 7 33 +/- 7 2 +/- 2
सी वोटर 128-140 31-43 3-11 2-6
एक्सिस माई इंडिया 24-34 30-40 0
जन की बात 37 29 0 2

हिमाचल प्रदेश में फिर बीजेपी सरकार के आसार?
हिमाचल प्रदेश में तीन एग्जिट पोल्स के मुताबिक बीजेपी की सरकार बचती दिख रही है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत ने ईटीजी के साथ सर्वे किया है। उसके मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 38 सीटें बीजेपी के खाते में दिख रही है जबकि कांग्रेस को 28 सीटें ही मिल रही हैं। इस सर्वे में आप का हिमाचल में खाता भी खुलता नहीं दिख रहा है। वहीं, आर-भारत और पी मार्क के सर्वे के अनुसार हिमाचल प्रदेश में बीजेपी 36 सीटें लेकर सरकार बचाने में कामयाब होती दिख रही है जबकि कांग्रेस को 30 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। इसने आप के खाते में भी एक सीट डाली है। जी न्यूज और बार्क के सर्वे में हिमाचल प्रदेश में 38 जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिलती दिख रही हैं। इस सर्वे में भी आप को एक सीट मिलती दिख रही है।


दक्षिणी गुजरात में कांग्रेस को पछाड़ेगी आप?

सौराष्ट्र में 54, मध्य गुजरात में 61, उत्तर गुजरात में 32 जबकि दक्षिण गुजरात में 35 विधानसभा सीटें हैं। दक्षिण गुजरात की 35 सीटों पर आम आदमी पार्टी कमाल करती दिख रही है। अगर सी-वोटर के सर्वे की मानें तो वहां आप को 27 प्रतिशत वोट मिलते दिख रहे हैं। हालांकि, बीजेपी अब भी 48 प्रतिशत वोट पाकर टॉप पर कायम रहती दिख रही है। सर्वे में कांग्रेस को दक्षिणी गुजरात में 23 प्रतिशत वोट के साथ तीसरे स्थान पर फिसला दिखाया जा रहा है।

2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव नतीजे

पिछले चुनाव नतीजों की बात करें तो भाजपा ने 99 सीटें और कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं। इस बार मामला थोड़ा अलग है क्योंकि फाइट में एक नई आम आदमी पार्टी ने जोर लगाया है। आज के सर्वे में पता चलेगा कि क्या दिल्ली और पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी गुजरात में अपना असर दिखा पा रही है या नहीं।

पिछली बार भाजपा को मिली थी बंपर जीत
2017 के हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजे देखें तो भाजपा को 44 और कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं। पहाड़ी राज्यों के बारे में ऐसा कहा जाता है कि वहां की जनता हर बार सरकार बदल देती है। आज एग्जिट पोल में साफ हो जाएगा कि जनता ने किस पर भरोसा जताया है।