बस अब और नहीं! दिल्लीवालों को मिलने वाला है उमस भरी गर्मी से छुटकारा, झमाझम बारिश पर आई गुड न्यूज

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में पिछले दो तीन दिनों से मॉनसून कमजोर चल रहा है। शहर के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो रही है, लेकिन इससे मौसम पर कोई असर नहीं पड़ रहा। इसकी वजह से तापमान कम होने के बावजूद यहां उमस वाली गर्मी बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि अब चार जुलाई तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है। पांच जुलाई से बारिश बढ़ेगी। इसकी वजह से लोगों को राहत मिलेगी।कल से शुरू होगा बारिश का दौररविवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 65 से 98 प्रतिशत तक रहा। अब सोमवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होगी। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रहेगा। चार से नौ जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री के आसपास बना रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास रहेगा। सात और आठ जुलाई को बारिश फिर कम हो जाएगी। बारिश के हल्की होने के बावजूद तापमान नहीं बढ़ेगा। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है।कमजोर स्थिति में मॉनसूनवहीं स्काईमेट के अनुसार मॉनसून अभी दिल्ली एनसीआर में कमजोर स्थिति में है। पंजाब के कुछ हिस्सों, दिल्ली, हरियाणा के अलग-अलग इलाकों और उत्तरी राजस्थान में थोड़ी-थोड़ी बारिश हो रही है। मॉनसूनी ट्रफ इस समय दिल्ली के दक्षिण में है जो उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व भारत तक फैली हुई है। इन इलाकों में चार जुलाई तक रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद पांच जुलाई के बाद बारिश बढ़ेगी। पंजाब और हरियाणा के आसपास के हिस्सों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसकी वजह से 5 जुलाई से दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राजस्थान में बारिश बढ़ने की संभावना है। यह अगले चार से पांच दिनों तक हो सकती है। इसकी वजह से उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।