नई दिल्ली : दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी लगातार लोगों को झुलसा रही है। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन पारा 46 डिग्री के पार पहुंच गया। राजधानी के नजफगढ़ में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी पारा 46 डिग्री के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि मुंगेशपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 46.8 और नजफगढ़ में 46.7 दर्ज किया गया। वहीं, नोएडा में टेंपरेचर 45.6 और फरीदाबाद में 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में रविवार के दिन लू लोगों को झुलसाएगी।हीटवेव का रेड अलर्ट मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार के लिए हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इसके बाद अगले दो दिन के लिए हीट वेव का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट मौसम के अधिक खराब होने पर जारी किया जाता है। यह अलर्ट लू की रेंज में आने वाले सभी इलाकों के लिए होता है। रेड अलर्ट का मतलब होता है कि मौसम बहुत खराब स्थिति में पहुंच चुका है और लोगों को सावधान होने की जरूरत है। ऑरेंज अलर्ट का मतलब होता है तैयार रहें। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को हालातों पर नजर रखने की हिदायत होती है। आगे कैसा रहेगा मौसममौसम विभाग का कहना है कि रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, हल्के बादल छाए रहने का भी अनुमान है। इसके साथ ही दिन में 25 से 35 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं बहने का अनुमान है। इसके बाद अगले तीन दिन 20 से 22 मई तक लू का ऑरेन्ज अलर्ट है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा लेकिन सुदूर इलाकों में लू चलने का अनुमान है। तीन दिन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।