नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही दिल्ली कांग्रेस को झटके लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के 2 पार्षदों ने पार्टी छोड़ दी और आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है। दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेंहदी के अलावा बृजपुरी वार्ड से कांग्रेस पार्षद नाजिया खातून और मुस्तफाबाद वार्ड से पार्षद सबिला बेगम ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है। 250 वार्डों के दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 134 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है जबकि बीजेपी ने 104 सीटें जीती हैं। वहीं, कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं। अब उसके 2 पार्षदों ने साथ छोड़ दिया है। ऐसे में एमसीडी में कांग्रेस के 7 पार्षद ही रह जाएंगे।
करारी हार के बाद रणनीति पर फिर से काम किया जाएगा: अनिल चौधरी
दिल्ली नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख अनिल चौधरी ने कहा कि वे रणनीति को लेकर फिर से काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन नतीजों की समीक्षा करेगी और उसके आधार पर रणनीति तैयार करेंगे। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को मिले वोट प्रतिशत से स्पष्ट है कि मुस्लिम और दलित मतदाता आप आदमी पार्टी से अलग हुआ है। दिल्ली नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस का अब तक का सबसे निराशाजनक प्रदर्शन रहा। उसे 250 सदस्यीय नगर निगम में सिर्फ नौ सीटें मिली। आम आदमी पार्टी को 134 और भारतीय जनता पार्टी को 104 सीटें हासिल हुईं।