अखिलेश के गढ़ करहल में CM योगी भरेंगे हुंकार, क्या बदलेगा सीट का सियासी गणित?

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ आज करहल से को लेकर प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। उत्तर प्रदेश के तीन सीटों पर अभी उप चुनाव का प्रचार अभियान चल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ अब तक इन प्रचार अभियानों में नहीं उतरे हैं। अलग प्रदेश स्तर के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का प्रचार अभियान में लगातार जोर दिख रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ के उतरने के साथ ही चुनावी माहौल गरमाने की उम्मीद की जा रही है। भाजपा की ओर से पिछले दिनों नेताओं को मैनपुरी के विभिन्न इलाकों में जातीय आधारित क्षेत्रों में भेजा गया है। जमीन के स्तर पर पार्टी अपने प्रभाव को मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उप चुनाव हो रहा है। इस उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के रघुराज शाक्य और समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव के बीच मुख्य मुकाबला हो रहा है। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने यहां से अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। अभी तक मुलायम परिवार चुनावी प्रचार मैदान में पूरा जोर दिखा रहा था। 5 दिसंबर को होने वाले मतदान से पहले भाजपा ने अब अपनी ताकत यहां झोंक दी है। इस क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रचार अभियान को तेज किया जा रहा है।

सपा लगातार लगा रहा है जोर
मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी पूरा जोर लगा रही है। डिंपल यादव के पक्ष में अखिलेश यादव बूथ स्तर तक के सम्मेलनों में शामिल हो रहे हैं। प्रचार कर रहे हैं। डिंपल यादव स्वयं घर-घर जाकर प्रचार कर रही हैं। वहीं, अब तक अखिलेश यादव से नाराज चल रहे चाचा शिवपाल यादव एक चुनावी मैदान में जोर-शोर से उतर गए हैं। भारतीय जनता पार्टी अब मैनपुरी में परिवारवाद को मुख्य मुद्दा बनाकर चुनावी मैदान में उतरते दिखाई दे रही है।

भाजपा के सीनियर नेताओं की ओर से अखिलेश के परिवारवाद पर जोरदार हमला बोला है। वहीं, अब सीएम योगी आदित्यनाथ चुनावी मैदान में उतरेंगे तो इन मुद्दों को हवा दी जाएगी। इसके बाद वार-पलटवार का दौर चलेगा।