जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणा- एमपी में टैक्स फ्री हुई फिल्म छावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश को तीरंदाजी खेल अकादमी की सौगात देते हुये कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर जो सुविधाएं दी जाती हैं। वे सभी सुविधाएं प्रदेश के खिलाड़ियों को भी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेल मंत्रालय द्वारा जो भी खेल नीति तय की जायेगी, वो राज्य में अमल में लायी जाएगी। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ओलंपिक, एशीयाड और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए भारत ने खेलों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात आज यहां जबलपुर के रांझी में 26.80 करोड़ की लागत से बनी राज्य तीरंदाजी खेल अकादमी का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने राज्य स्तरीय खेल अकादमी का नामकरण स्व. ईश्वरदास रोहाणी के नाम पर करने की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का नए दौर में प्रवेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश नए दौर में प्रवेश कर रहा है। इस नए दौर में हम हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्यो की गति बढ़ा रहें है। आज जिस खेल अकादमी और इसमे सिंथेटिक एथलेटिक ट्रेक का लोकार्पण हुआ है। इसका मूल्य सभी खिलाड़ी जानते है।

मुख्यमंत्री ने किया छावा फ़िल्म को टैक्स फ्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य खेल अकादमी के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में शिवाजी की जयंती की सभी को शुभकामनायें देते हुये कहा कि उनके पुत्र संभाजी महाराज के जीवन से प्रेरित फ़िल्म छावा को प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने शिवाजी की वीरता को याद करते हुये कहा कि शिवाजी उनके वीर पुत्र संभाजी के जीवन परिचय और उनके अदम्य साहस व न्यायप्रियता को दर्शाने वाले जीवन व उनके पुत्र की वीरगाथा दर्शानें वाली फिल्म पर कोई टैक्स नही होगा। प्रदेश की जनता को संभाजी के अदम्य साहस और वीरता को जानना चाहिए। इस लिए प्रदेश की जनता से इस फिल्म को देखने पर कोई टेक्स नहीं लिया जायेगा।

सभी पात्रों को दें आवासीय पट्टा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से कलेक्टर दीपक सक्सेना को निर्देशित करते हुये उपनगरीय क्षेत्र रांझी के शारदा नगर, शांति नगर, राम नगर, उदय नगर के पात्र व्यक्तियों का परीक्षण करवाकर आवासीय पट्टा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी आवासहीन परिवारों को पक्का आवास देने के लिये सर्वे निरंतर चल रहा है। उन्होंने सरकार प्रदेश के सभी आवासहीन परिवारों को पक्का आवास देने की प्रतिबद्धता जताई है।

इस दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद द्वय आशीष दुबे एवं सुमित्रा बाल्मीक, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह ठाकुर, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह व नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज मौजूद रहे।