भारत जोड़ो यात्रा से लौट रही कांग्रेसियों की बस पिकअप से भिड़ी, 2 की मौत, 10 घायल

दौसा: राजस्थान में चल रही राहुल गांधी की ” में शामिल होने के लिए हिमाचल से आए कांग्रेस पदाधिकारियों की बस आज दौसा में हादसे का शिकार हो गई। दौसा जिले के सदर थाना क्षेत्र के मालग्वास गांव के समीप कांग्रेस के पदाधिकारियों की एक बस ने पिकअप को टक्कर मार दी। इससे पिकअप में सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप सवार एक अन्य व्यक्ति को दौसा जिला अस्पताल से जयपुर के लिए रेफर किया गया है। बताया जाता है कि बस और पिकअप गाड़ी में आमने-सामने से टक्कर हुई थी। ऐसे में बस में सवार बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी भी घायल हो गए। करीब 10 कांग्रेस के पदाधिकारियों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से एक कांग्रेस के पदाधिकारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर के लिए रेफर किया गया। बाकी अन्य कांग्रेस के पदाधिकारियों का दौसा जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

हिमाचल से आई थीं दो बस

इधर हादसे की सूचना पाकर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भिजवाया गया। वहीं बताया जा रहा है कि दौसा से हिमाचल प्रदेश के लिए दो बस रवाना हुई थी। एक बस में कांग्रेस के विधायक मौजूद थे, वहीं दूसरी बस में कांग्रेस के पदाधिकारी। कांग्रेस के विधायकों की बस आगे चल रही थी। वहीं पदाधिकारियों की बस पीछे चल रही थी। इसी दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों की बस हादसे का शिकार हो गई।

हादसे की सूचना पर मंत्री मुरारीलाल पहुंचे अस्पताल

हादसे की सूचना पर राजस्थान के कृषि विपणन मंत्री मुरारी लाल मीणा भी जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मंत्री मुरारी लाल मीणा ने घायलों का हालचाल पूछा और बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए। फिलहाल जिला अस्पताल में तीन घायलों का उपचार जारी है। वहीं बस में सवार अन्य कांग्रेसियों को एक नई बस की व्यवस्था करके दिल्ली के लिए रवाना किया गया, ताकि वे हिमाचल प्रदेश जा सके।

मालग्वास गांव के पास हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आज हिमाचल प्रदेश के सभी 40 विधायकों आए थे। इन विधायकों के साथ एक और बस आई थी, जिसमें कार्यकर्ताओं सवार थे। इसी बस का दौसा के मालग्वास गांव के समीप हादसा हो गया।