सासाराम में ब्‍लास्‍ट, नालंदा में फायरिंग के बाद लगा कर्फ्यू, इंटरनेट बंद… बिहार में रुक नहीं रही हिंसा

नालंदा/सासाराम: बिहार के नालंदा में हालात गंभीर बने हुए हैं। बिहार शरीफ (Bihar Sharif News) में शनिवार को एक बार फिर स्थिति बिगड़ने के बाद इलाके में धारा-144 हटाकर कर्फ्यू (Curfew in Bihar Sharif) लगा दिया गया। यही नहीं इंटरनेट भी बंद रखा गया है। उधर, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील कर रहे। इस संबंध में की ओर से लगातार कई ट्वीट किए गए हैं। जिसमें लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है। डीएम-एसपी खुद क्षेत्र में कैंप कर रहे। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही है। वहीं बात करें रोहतास जिले के सासाराम की तो वहां बम ब्लास्ट () की सूचना से हड़कंप मच गया। करीब 5 से 6 लोग इस धमाके में घायल हुए हैं। एक स्कूटी भी बरामद हुई है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। यहां भी पुलिस ने लोगों को घरों में रहने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति की अपील की है।नालंदा में फिर बिगड़े हालातदरअसल, बिहार के सासाराम और नालंदा स्थित बिहार शरीफ में गुरुवार को रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। इस दौरान भारी पत्थरबाजी और बवाल हुआ था। हालांकि, प्रशासन की ओर से जल्द ही स्थिति को संभालने की कोशिशें हुई। जिसके चलते शुक्रवार को हालात सामान्य रहे। राज्य पुलिस मुख्यालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर बताया कि सासाराम और बिहार शरीफ में ‘सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई है।’ पुलिस की ओर से ये भी बताया गया कि सासाराम में हिंसा और आगजनी के सिलसिले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं नालंदा के बिहार शरीफ में हुई हिंसा के मामले में 27 लोगों को पकड़ा गया। अभी ये जानकारी आई ही थी कि शनिवार देर शाम नालंदा और सासाराम दोनों जगह से बड़े अपडेट सामने आए।बिहार शरीफ में फायरिंग, घायल शख्स पटना रेफरजानकारी मिली कि बिहार शरीफ में एक शख्स गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तुरंत ही उसे पटना रेफर कर दिया। दो और लोगों के सामान्य रूप से घायल होने की सूचना है। जिसका इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा। वहीं बिहार शरीफ में हालात बिगड़ने लगे तो प्रशासन ने इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया। लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। पूरे मामले को लेकर बिहार पुलिस की ओर से शनिवार देर रात में बैक-टू-बैक कई ट्वीट किए गए। इसमें बताया गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती संवेदनशील जगहों पर की गई है। वरिष्ठ अधिकारी, महिला पुलिस को भी तैनात किया गया है। निरंतर पुलिस टीम गश्त कर रही है। यही नहीं हालात के नियंत्रण को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजी जा रही है। डीएम-एसपी कर रहे कैंप, लोगों से शांति की अपीलबिहार पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में ऐहतियातन डेरा डाले हुए हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नालंदा घटनास्थल पर कैम्प कर रहे। आयुक्त पटना प्रमंडल और पुलिस महानिरीक्षक, पटना भी नालंदा में हैं। वहां प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, शांति स्थापित करना और सामजिक समरसता बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी लोगों से अपील की गई है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में, सौहार्द के लिए और कानून व्यवस्था के नियंत्रण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। बिगड़े हालात को इलाके में लगा कर्फ्यू, इंटरनेट भी बंदकोई भी कठिनाई होने पर और बिगड़े हालात की स्थिति पर तत्काल स्थानीय थानाध्यक्ष, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक या जिलाधिकारी से सम्पर्क कर सूचित करें। धारा-144 लागू है। जिसमें भीड़ लगाकर उपद्रव करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इंटरनेट की सेवाएं भी बंद कर दी गई है। सोशल मीडिया पर कमेंट करने से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा कि अफवाहों पर कृपया ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।सासाराम में बम ब्लास्ट, पुलिस मामले की जांच में जुटीइधर, रोहतास के सासाराम में बम ब्लास्ट से 6 लोगों के घायल होने की सूचना है। एक स्कूटी भी मिली है। एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है। हालांकि बिहार पुलिस ने कहा कि पहली नजर में यह साम्प्रदायिक घटना प्रतीत नहीं हो रही। दूसरी ओर, पुलिस ने बताया कि सासाराम में स्थिति पूर्णतः सामान्य है। आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें। अफवाह फैलाने पर गंभीर कार्रवाई की जायेगी। पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती इलाके में है। लगातार गश्ती भी की जा रही है।