BJP ओडिशा में 80 विधानसभा सीट और 16 लोकसभा सीट जीतेगी : विजयपाल सिंह तोमर

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के चुनाव प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर ने रविवार को दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में कम से कम 80 विधानसभा सीट और 16 लोकसभा सीट जीतेगी।
ओडिशा में इस साल लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव होने हैं।
विजयपाल सिंह तोमर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ इस बार हम ओडिशा में सरकार बनाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा ओडिशा में 80 से अधिक विधानसभा सीट (147 में से) और 16 लोकसभा सीट (21 में से) जीतेगी।
तोमर ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने संसद में कुछ मुद्दों पर केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन दिया है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूरी ताकत से अकेले चुनाव लड़ेगी और ओडिशा में सरकार बनाएगी।