
हनोई में ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने प्रदर्शित की मिसाइल
वियतनाम डिफेंस एक्सपो में शामिल हुए ब्रह्मोस एयरोस्पेस के मॉर्केटिंग, प्रोमोशन और एक्सपोर्ट डिपार्टमेंट के प्रमुख प्रवीण पाठक ने वीएनएक्सप्रेस को बताया कि ब्रह्मोस आज दुनिया में विकसित सबसे अच्छी सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। हम वियतनाम को यही पेशकश कर रहे हैं। ब्रह्मोस एयरोस्पेस वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के साथ संपर्क में है। यही कारण है कि ब्रह्मोस एयरोस्पेस डिफेंस एक्सपो में मिसाइल डिप्लॉयमेंट प्लेटफॉर्मस का प्रदर्शन किया। 8 से 10 दिसंबर तक आयोजित वियतनाम इंडस्ट्रियल डिफेंस एक्सपो 2022 में दुनियाभर के 30 देशों की 170 से अधिक हथियार निर्माता कंपनियों ने हिस्सा लिया।
वियतनाम को एयर लॉन्च वेरिएंट कर सकता है ऑफर
प्रवीण पाठक ने कहा कि वियतनामी वायु सेना में कई सुखोई-30 लड़ाकू विमान शामिल हैं। इस विमान के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का एयर लॉन्च वेरिएंट उपयुक्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मिसाइल का एयर लॉन्च वेरिएंट सुखोई एसयू-30 एमकेआई से ऑपरेट किया जा रहा है, जो सिर्फ भारत के पास है। यह रूस के पास भी नहीं है। ब्रह्मोस मिसाइल संयुक्त रूप से भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन और रूसी संघ के एनपीओ मशिनोस्ट्रोयेनिया ने मिलकर विकसित की है। यह रूस के रुतोव में स्थित एक रॉकेट डिजाइन ब्यूरो है।