रांची पहुंचे अखिलेश यादव बोले- देश के लिए झारखंड का परिणाम रहा शुभ, जनता ने दिया महत्वपूर्ण संदेश

हेमंत सोरेन गुरुवार को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव झारखंड की राजधानी रांची पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि देश के लिए झारखंड का परिणाम बहुत ही शुभ रहा और इसने महत्वपूर्ण संदेश भी दिया है।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हेमंत सोरेन को बधाई दी और कहा, “मैं हेमंत सोरेन, नवनिर्वाचित विधायकों और इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों को बधाई देता हूं। जिन्हें जनता ने फिर से चुना है और राज्य में दोबारा सरकार बनाई है। मैं जनता का आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने इंडिया गठबंधन और हेमंत सोरेन को एक बार फिर मौका दिया है।””मैं जनता का बहुत आभार प्रकट करता हूं कि इंडिया गठबंधन और हेमंत सोरेन जी को एक बार फिर उन्होंने मौका दिया है।”- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी, झारखण्ड pic.twitter.com/gFnyQayWFt— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 28, 2024

उन्होंने आगे कहा, “जनता ने झारखंड को खुशहाली, विकास के रास्ते पर लाने के लिए वोट दिया है। देश के लिए झारखंड का परिणाम बहुत ही शुभ रहा और इसने महत्वपूर्ण संदेश भी दिया है। यहां की जनता ने अलग-अलग परिस्थिति के बावजूद सूझबूझ का परिचय दिया और समझदारी के साथ एक प्रोग्रेसिव सरकार चुनी है। मैं हेमंत सोरेन और यहां की जनता का धन्यवाद करता हूं।”महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मिली हार को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “इंडिया गठबंधन कहीं हारा तो कहीं जीता भी। हम महाराष्ट्र में हार गए, लेकिन आने वाले समय में और मजबूती के साथ खड़े होंगे। गठबंधन के जितने भी लीडर्स हैं, उनके बीच बातचीत की जाएगी। हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में गठबंधन और भी मजबूत होगा।”सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मैं सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देता हूं। बीजेपी का यही चरित्र है वो संविधान पर भरोसा नहीं करती है और अपने लाभ के लिए तोड़-मरोड़कर काम करती है। हम बधाई देते हैं सुप्रीम कोर्ट को, जिन्होंने ऑब्जर्व किया है कि उत्तर प्रदेश में घटनाएं हो रही है।” उन्होंने आगे कहा कि हम बेरोजगारी, महंगाई, किसान और आदिवासी भाई-बहनों के अधिकारों के लिए लगातार लड़ाई लड़ते रहेंगे।