अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का निधन, 5 बार संभाली पंजाब के मुख्यमंत्री की बागडोर

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का निधन हो गया है। बादल ने 95 वर्ष की आयु में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके बेटे और पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के पीए ने उनके निधन की पुष्टि की है। प्रकाश सिंह बादल पिछले लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।प्रकाश सिंह बादल का जन्म 8 दिसंबर 1927 को पंजाब के छोटे से गांव अबुल खुराना के जाट सिख परिवार में हुआ था। प्रकाश सिंह बादल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1947 में की थी। वह राजनीति में आने से पहले गांव बादल के सरपंच और बाद में लंबी ब्लॉक समिति के अध्यक्ष बने थे। उन्होंने साल 1957 में पहली बार शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था।प्रकाश सिंह बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार 1970 से 1971 तक फिर 1977 से 1980 तक वह राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 1997 से 2002 तक और 2007 से 2017 तक वह राज्य के मुख्यमंत्री रहे। वही 1995 से 2008 तक वह शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष रहे। अब उनके बेटे सुखबीर सिंह बादल पार्टी के अध्यक्ष हैं और प्रकाश सिंह बादल संरक्षक थे।प्रकाश सिंह बादल 1970 में सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में विपक्ष में भी अहम भूमिका निभाई। वह 1972, 1980 और 2002 में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता थे। वह लोकसभा सांसद भी चुने गए थे। भारत सरकार ने प्रकाश सिंह बादल को 2015 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।