गांधीनगर के गढ़ में AAP की सेंधमारी, गुलाब सिंह बोले आ रहा ‘ऑपरेशन आल आउट’

अहमदाबाद:गुजरात बीजेपी का मजबूत गढ़ है, गांधीनगर इसका एपीसेंटर। गांधीनगर में बीजेपी 1989 से अपना वर्चस्व बनाए हुए है। बीजेपी के इसी गढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने सेंधमारी की है। आम आदमी पार्टी ने गांधीनगर विधानसभा और माणसा के सरपंच, उपसरपंच, सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा है। गुजरात आप के चुनाव प्रभारी और दिल्ली की माटियाला से विधायक ने इन सभी को टोपी और पटका पहनकर पार्टी में स्वागत किया। गुलाब सिंह ने मौके पर कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में सरपंचों, उप-सरपंचों और सामाजिक कार्यकर्ता पार्टी से जुड़े हैं। गुलाब सिंह ने कहा पार्टी गुजरात में प्रचार को और तेज करेगी। पार्टी सभी विधायक और मंत्री गुजरात के लिए निकलेंगे।

पूरा जोर लगाएगी आप
गुलाब सिंह ने धनतेरस और दिवाली की शुभकामनाएं देते कहा कि आप से गुजरात के लोगों को बहुत उम्मीदें हैं। पार्टी को मिल रहे समर्थन से ये उम्मीदें और बढ़ गई हैं। गुलाब सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, मनीष सिसोदिया के साथ दिल्ली और पंजाब के मंत्री और विधायक सभी चुनाव प्रचार के लिए गुजरात आएंगे। गुलाब सिंह ने कहा कि जनता इस बार परिवर्तन के लिए वोट करेगी। युवा और विद्यार्थी नेता युवराज सिंह जाडेजा ने इस मौके पर कहा कि गुजरात में आम आदमी पार्टी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और इससे भ्रष्ट भाजपा सरकार की नींद हराम हो गई है।

अब तक 73 प्रत्याशी घोषित
विधानसभा चुनावों के लिए पूरा जोर लगा रही है। पार्टी अभी तक छह सूची जारी कर चुकी है। इसमें कुल 73 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस और बीजेपी की तरफ से सूची में अक्तूबर के अंत नवंबर में आने की उम्मीद की जा रही है। आप ने प्रदेश की सभी 182 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी हिमाचल से अधिक फोकस गुजरात पर कर रही है। अरविंद केजरीवाल खुद मिशन गुजरात को संभाल रहे हैं।