नई दिल्ली: तमिलनाडु 12वीं बोर्ड का रिजल्ट सोमवार को जारी हुआ। इसमें एस नंदिनी (S Nandhini) ने 600 में 600 अंक हासिल किए हैं। वह बोर्ड की टॉपर हैं। नंदिनी के पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। पिता ने एक रोटी भले कम खा ली। लेकिन, नंदिनी की पढ़ाई के साथ बिल्कुल समझौता नहीं किया। पिता नंदिनी को हमेशा प्रोत्साहित करते रहे। नंदिनी कहती हैं कि आज वह जो कुछ भी हासिल कर पाई हैं, उसके पीछे सिर्फ उनके पिता ही कारण हैं। उन्होंने नंदिनी को हमेशा यही सीख दी कि शिक्षा ही सबसे बड़ी दौलत है। अपने छह विषयों में सभी में नंदिनी को पूरे के पूरे 100 अंक मिले हैं। नंदिनी उन लाखों लाख बच्चों के लिए प्रेरणा हैं जो सबकुछ होते हुए भी पढ़ाई से दिल चुराते हैं। नंदिनी का रिजल्ट आने के बाद घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। हर विषय में मिले 100 में 100नंदिनी तमिलनाडु के डिंडिगुल में रहती हैं। उनकी पढ़ाई सरकारी विद्यालय अन्नामलैयर मिल्स गर्ल्स स्कूल में हुई है। 12वीं में उनके पास छह विषय थे। इनमें तमिल, इंग्लिश, इकनॉमिक्स, कॉमर्स, अकाउंटेंसी और कम्प्यूटर साइंस शामिल थे। इन सभी विषयों में उन्होंने शत प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। नंदिनी ने माता-पिता बानुप्रिया और सरवनकुमार के अलावा अपने टीचरों के साथ इस खुशी को सेलिब्रेट किया। पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं नंदिनी ने बताया कि उनके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। वह कारपेंटर का काम करते हैं। लेकिन, उन्होंने कभी नंदिनी को पढ़ने से नहीं रोका। आज अगर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की तो इसके पीछे सिर्फ पिता ही कारण हैं। वह हमेशा कहते हैं कि उनकी शिक्षा ही सबसे बड़ी दौलत है। नंदिनी को वह हमेशा अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करते हैं। नंदिनी कहती हैं कि उनके टीचरों ने एलकेजी से लेकर आज तक भरपूर मदद की है। वह बहुत खुश हैं कि उन्होंने उस भरोसे को बनाए रखा। वह आगे भी चाहती हैं कि यह भरोसा इसी तरह बना रहे। उनका छोटा भाई है प्रवीण। प्रवीण छठी में पढ़ता है।